IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर बारिश का साया, अगर रद्द हुआ मैच तो किसे मिलेगी सुपर 8 में एंट्री?

IND vs PAK Colombo weather: भारत-पाकिस्तान के बीच का हाई वोल्टेज मुकाबला से पहले एक बुरी खबर आ रही है। कोलंबो में मैच के दौरान बारिश होने की संभावना जताई गई है। अगर बारिश की वजह से रद्द हुआ तो किस टीम की होगी सुपर 8 में एंट्री

अपडेटेड Feb 15, 2026 पर 2:56 PM
Story continues below Advertisement
भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर बारिश का साया पड़ने की आशंका जताई जा रही है

IND vs PAK Colombo weather: भारत-पाकिस्तान के बीच का हाई वोल्टेज मुकाबला आज 15 फरवरी को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप में इस मैच का सबसे ज्यादा इंतजार किया जा रहा है। वहीं इस हाई वोल्टेज मुकाबले से पहले एक बुरी खबर आ रही है। कोलंबो में मैच के दौरान बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार रविवार को कोलंबो में तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में शाम को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर बारिश का साया पड़ने की आशंका जताई जा रही है। फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि अगर बारिश हुआ तो क्या मैच के लिए कोई रिजर्व डे रखा गया है।

कैसा होगा मौसम

मौसम वेबसाइट AccuWeather के अनुसार कोलंबो में पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। सुबह तेज बारिश हो सकती है, जो लगभग 1 बजे तक जारी रह सकती है। शाम तक बारिश में कुछ कमी आने के आसार हैं, लेकिन टॉस से करीब डेढ़ घंटे पहले, यानी शाम 5 बजे के आसपास फिर से बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद बारिश की संभावना कम बताई गई है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है।


ऐसे में ये कहना मुश्किल है कि मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। अगर अचानक फिर से बारिश हो जाती है, तो खेल में रुकावट आ सकती है। इसलिए मौसम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

कब तक का कटऑफ टाइम

ग्रुप A का यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होना है। यदि किसी कारण से मुकाबले में देरी होती है, तो अंपायर और मैच रेफरी यह सुनिश्चित करेंगे कि संशोधित मैच आधिकारिक कट-ऑफ समय रात 11:10 बजे तक पूरा हो जाए। इस समय सीमा में 60 मिनट का अतिरिक्त समय भी शामिल है, ताकि जरूरत पड़ने पर खेल पूरा कराया जा सके।

क्या है आईसीसी के नियम

ICC के नियमों के अनुसार, “उन परिस्थितियों को छोड़कर जब किसी टीम को दूसरी टीम के खेलने से इनकार करने के कारण विजेता घोषित किया जाता है (क्लॉज 16.2), ऐसे सभी मैच जिनमें दोनों टीमों को कम से कम पांच ओवर बल्लेबाजी का मौका नहीं मिलता, उन्हें ‘नो रिजल्ट’ माना जाएगा।”

क्या हुआ अगर मैच रद्द हुआ तो

अगर बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाता, तो नियम के अनुसार दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर बल्लेबाजी करनी जरूरी होती है, तभी नतीजा निकल सकता है। अगर ऐसा भी नहीं हो पाता, तो मैच रद्द मान लिया जाता है। ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। इसलिए अगर कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाता, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया जाएगा।

रद्द हुए मैच तो किसे मिलेगा फायदा

अगर भारत और पाकिस्तान के बीच मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो भारत को बेहतर नेट रनरेट की वजह से सुपर-8 में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा। पाकिस्तान को भी इससे फायदा मिलेगा और उसकी क्वालीफिकेशन की राह आसान हो जाएगी और ग्रुप में वह दूसरे नंबर पर होगा। वहीं भारत का अपना आखिरी ग्रुप मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ है, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत नामीबिया से होगी। अमेरिका की नीदरलैंड्स पर जीत के बाद ग्रुप की अंक तालिका का समीकरण बदल गया है और मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।