भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 3 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। 15 खिलाड़ियों की घोषित भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है। बीसीसीआई ने कहा कि श्रेयस अय्यर तभी इस सीरीज में खेल पाएंगे, जब उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस की मंजूरी मिलेगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा।
अगर श्रेयस अय्यर को फिटनेस को लेकर पूरी तरह भरोसा नहीं होता है, तो उनको भारतीय टीम से जुड़ने से पहले 8 जनवरी को जयपुर में पंजाब के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी का एक और मैच खेल सकते हैं, ताकि अपनी फिटनेस को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सके। आइए जानते हैं अगर अय्यर पहला मुकाबला नहीं खेलते हैं तो किसे मिल सकता हैं मौका
अय्यर नहीं खेलें तो किसे मिलेगा मौका
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए फिटनेस क्लीयरेंस नहीं मिलती है, तो सेलेक्टर उनकी जगह रुतुराज गायकवाड़ को भारतीय टीम में शामिल कर सकते हैं। हालांकि रिपोर्ट में ये भी साफ कहा गया है कि ऐसी स्थिति बनने की संभावना काफी कम है और अय्यर के फिट होने की उम्मीद ज्यादा है।
25 अक्टूबर 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लगने के बाद श्रेयस अय्यर ने अब तक कोई भी प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। जानकारी के मुताबिक, वह अपनी फिटनेस साबित करने के लिए 6 जनवरी को जयपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुंबई की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी का मैच खेलेंगे। अगर इस मैच के बाद उन्हें फिटनेस की मंजूरी मिल जाती है, तो उन्हें 11 जनवरी से शुरू होने वाले पहले वनडे से पहले भारतीय टीम से जुड़ने के लिए तुरंत वडोदरा भेजा जाएगा।
इन दिनों ऋतुराज गायकवाड़ विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र टीम के लिए खेल रहे हैं और टीम की कप्तानी भी संभाल रहे हैं। जयपुर में खेले गए एलीट ग्रुप C के अपने पिछले दो मैचों में उन्होंने शानदार फॉर्म दिखाते हुए उत्तराखंड के खिलाफ 124 रन और मुंबई के खिलाफ 66 रनों की अहम पारी खेली। ऋतुराज गायकवाड़ ने नवंबर–दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए पहले दो वनडे मैचों में नंबर 4 पर बल्लेबाजी की थी, आमतौर पर गायकवाड़ ओपनिंग करते हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने क्रमशः 8 और 105 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड वनडे के लिए भारत की टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल