T20 WC 2026: तिलक के बाहर होने पर टीम इंडिया के 'सरपंच' साब को मिलेगा मौका? आकाश चोपड़ा ने क्यों कही ये बात

न्यूजीलैंड और T20 वर्ल्ड कप से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। टीम के अहम मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 से बाहर हो गए हैं। वहीं भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बताया कि कौन खिलाड़ी ले सकता है तिलक वर्मा की जगह

अपडेटेड Jan 10, 2026 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
तिलक वर्मा की चोट से भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई है

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी से होगी। वहीं इसके बाद भारत को अपने घर में T20 वर्ल्ड कप खेलना है। ये सीरीज वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम की आखिरी तैयारी मानी जा रही है। वहीं इस सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के अहम मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 से बाहर हो गए हैं। तिलक वर्मा की चोट से भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई है। BCCI ने अपने ताजा अपडेट में बताया कि तिलक की हालत फिलहाल स्थिर है और उनकी रिकवरी अच्छी तरह आगे बढ़ रही है।

चोपड़ा ने बताया किसे मिले मौका

BCCI ने तिलक वर्मा पर अपने लेटेस्ट अपडेट में कहा, "वह अभी स्टेबल हैं और अच्छी प्रोग्रेस कर रहे हैं। तिलक फिजिकल ट्रेनिंग फिर से शुरू करेंगे और धीरे-धीरे स्किल-बेस्ड एक्टिविटीज में लौटेंगे, जब उनके लक्षण पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे और घाव ठीक से भर जाएगा।" अब सबसे बड़ा सवाल है कि, अगर तिलक वर्मा T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो जाते हैं तो उनकी जगह टीम में किसे मौका मिलेगा। वहीं भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बताया कि कौन खिलाड़ी ले सकता है तिलक वर्मा की जगह


गिल-यशस्वी को नहीं दी जगह

आकाश चोपड़ा ने X पर कहा, "भारत को तिलक वर्मा की जगह किसी नए खिलाड़ी की तलाश करनी होगी। ये भूमिका शुभमन गिल या यशस्वी जायसवाल के लिए नहीं है, क्योंकि टीम को ओपनर की जरूरत नहीं है। तिलक मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, इसलिए टीम को नंबर तीन या चार पर खेलने वाले खिलाड़ी की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह खिलाड़ी गेंदबाजी में भी योगदान दे सके, तो टीम के लिए और बेहतर होगा।"

अय्यर हैं बेहतरीन ऑप्शन

उन्होंने आगे कहा, "अगर वे इस बातचीत का हिस्सा नहीं हो सकते, तो कौन हो सकता है? श्रेयस अय्यर। श्रेयस को टीम में अपने आप जगह मिलनी चाहिए, क्योंकि वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी शानदार खेल दिखाया और IPL में भी बेहतरीन फॉर्म में रहे हैं।" चोपड़ा ने ये भी कहा, "जब श्रेयस को एशिया कप टीम में शामिल नहीं किया गया था, तब उन्हें ये फैसला गलत लगा था। मिडिल ऑर्डर में एक सीनियर और भरोसेमंद बल्लेबाज के तौर पर श्रेयस इस भूमिका के लिए पूरी तरह फिट हैं और उन्हें ही उनका समर्थन मिलेगा।"

रियान भी हो सकते हैं शामिल

उन्होंने आगे कहा, "अगर टीम श्रेयस अय्यर के साथ नहीं जाना चाहती, तो मैं रियान पराग को एक अच्छे ऑप्शन के तौर पर देखते हैं। रियान पराग पहले भी भारत की T20I टीम का हिस्सा रह चुके हैं और जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी कर सकते हैं।" उन्होंने कहा कि "अगर टीम को ऐसा ऑलराउंडर चाहिए, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सके, तो रियान पराग सही खिलाड़ी हो सकते हैं, हालांकि उनकी पहली पसंद फिर भी श्रेयस अय्यर ही हैं।"

अय्यर ही बेस्ट ऑप्शन

उन्होंने कहा, "जितेश शर्मा को एक आउटसाइड चांस माना जा सकता है क्योंकि आप ओपनर नहीं ढूंढ रहे हैं। कोई रुतुराज गायकवाड़ नहीं है, कोई शुभमन गिल नहीं है। मैं एक मिडिल-ऑर्डर बैटर ढूंढ रहा हूं। जितेश शर्मा हाल ही में टीम का हिस्सा थे। उनके खिलाफ ये बात है कि वह एक विकेटकीपर हैं और आपको उनमें से तीन की जरूरत नहीं है। इसलिए, मैं श्रेयस अय्यर का सुझाव दूंगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।