भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला गया। मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से मात दी है। वहीं मुकाबले के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों के बीच गहमागहमी देखने को मिला। अफगानिस्तान की पहली पारी में बल्लेबाजी कर रहे रहमत शाह और भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बीच कहासुनी हो गई। उस समय शराफुद्दीन अशरफ पैर की परेशानी के बावजूद रहमत शाह के साथ क्रीज पर मौजूद थे। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई इस बहस ने मैच के दौरान दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
सिराज-रहमत के बीच हुई बहस
अपने साथी बल्लेबाज शराफुद्दीन अशरफ को चोट से जूझते देखकर रहमत शाह काफी सावधानी से बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक गेंद को रोकने के बाद मैदान पर थोड़ी गर्मागर्मी देखने को मिली। मोमोहम्मद सिराज की गेंद को डिफेंड करने के बाद रहमत अपनी क्रीज के अंदर ही मौजूद थे, लेकिन सिराज ने तेजी से गेंद उठाकर स्टंप्स की ओर फेंक दी। सके बाद भी मैदान पर तनाव कम नहीं हुआ। अगली गेंद पर भी रहमत ने अच्छी तरह बचाव किया, जिससे सिराज थोड़े नाराज नजर आए। दोनों के बीच कुछ देर तक बहस हुई और माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया।
मैदान पर हुई इस घटना के कुछ समय बाद भारत को सफलता मिल गई। युवा स्पिनर मानव सुथार ने पहले शराफुद्दीन अशरफ का विकेट हासिल किया, जिससे अफगानिस्तान की साझेदारी टूट गई। इसके बाद उन्होंने रहमत शाह को भी पवेलियन भेज दिया। इन अहम विकेटों की बदौलत भारतीय टीम ने मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली तथा बड़ी बढ़त हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। भारत ने अफगानिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
कैसा रहा अफगानिस्तान-भारत का टेस्ट
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पारी और 300 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की। डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल सात विकेट अपने नाम किए। फॉलो-ऑन के बाद अफगानिस्तान की दूसरी पारी 112 रन पर सिमट गई, जिसमें वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी की। भारत ने पहली पारी में 564 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद अफगानिस्तान को सिर्फ 152 रन पर समेट दिया। डेब्यू मैच में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद भारत ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और बड़ी जीत दर्ज की।
ये जीत भारतीय टीम के टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत साबित हुई, जिसने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बने पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।