IND vs AUS Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला आज खेला गया। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला होबार्ट के बेलेरिव ओवल में खेला गया। मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही 5 मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गई है। बता दें पहला मुकाबला कैनबरा में खेला गया पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया था। वहीं मेलबर्न में खेले गए दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से मात दी थी। तीसरे मुकाबले में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
इस मुकाबले में भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए। जितेश शर्मा, अर्शदीप सिंह और वाशिंगटन सुंदर को टीम में जगह दी गई, जबकि संजू सैमसन, हर्षित राणा और कुलदीप यादव को बाहर बैठना पड़ा।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी मात
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए और भारत के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से टारगेट हासिल कर लिया। भारत ने मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटाकाए। अर्शदीप को उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का अवार्ड भी मिला। वहीं वाशिंगटन सुंदर ने 23 गेंदो में 49 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
वाशिंगटन सुंदर की कमाल की पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत तेज रही, लेकिन बीच में टीम को कुछ अहम झटके लगे। पहले नाथन एलिस ने आक्रामक खेल रहे अभिषेक शर्मा को 16 गेंदों में 25 रन पर आउट किया। फिर 6वें ओवर में शुभमन गिल भी एलिस की गेंद पर 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 8वें ओवर में मार्कस स्टोइनिस ने सूर्यकुमार यादव को 11 गेंदों में 24 रन पर आउट कर तीसरा झटका दिया। इसके बाद एलिस ने अक्षर पटेल को भी 17 रन पर आउट किया। इसके बाद तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर के बीच 19 गेंदों पर 35 रनों की पार्टनरशिप हुई। वहीं इसके बाद बड़ा शार्ट लगाने के चक्कर में जेवियर बार्टलेट की गेंद पर तिलक वर्मा को 26 गेंदों में 29 रन पर आउट हुए।
इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने जीतेश शर्मा के साथ पार्टनरशिप को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 25 गेंदों में 43 रनों की अहम पार्टनरशिप हुई। दोनों की पार्टनरशिप की बदौलत भारत ने आसानी टारगेट को हासिल किया। वाशिंगटन सुंदर (49*) और जीतेश शर्मा (22*) रन बनाकर नाबाद गए। टीम इंडिया ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से मुकाबला जीत लिया।
कैसा था ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन
तीसरे वनडे में भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में ट्रेविस हेड (6 रन) को और तीसरे ओवर में जोश इंग्लिस को मात्र 1 रन पर पवेलियन भेज दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से टिम डेविड ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। टिम डेविड 38 गेंदों में 74 रन बनाकर शिवम दुबे की गेंद पर आउट हुए। वहीं वरुण चक्रवर्ती ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 9वें ओवर में लगातार गेंदों पर मिचेल मार्श (11) को कैच आउट और मिचेल ओवेन को बोल्ड किया। मार्कस स्टोइनिस ने भी तेजी से रन बनाए और 32 गेंदों में पचासा जड़ा, लेकिन आखिरी ओवर में अर्शदीप ने उन्हें 64 रन पर आउट कर दिया। अंत में मैथ्यू शॉर्ट 26* और जेवियर बार्टलेट 3* रन बनाकर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 186 रन बनाए।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अर्शदीप को उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का अवार्ड भी मिला। वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे ने 1 विकेट लिया। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एलिस ने प्रभावी प्रदर्शन किया और 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जेवियर बार्टलेट और मार्कस स्टोइनिस को 1-1 विकेट मिला।