IND vs AUS: भारतीय टीम तीन मैचों की सीरीज के लिए इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे 19 अक्टूबर को खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7 विकेट से मात दी है। इस सीरीज में विराट कोहली और पुर्व कप्तान रोहित शर्मा करीब सात महीने से अधिक समय बाद भारत के लिए मैच खेल रहे हैं। फैंस दोनों के वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों का कमबैक मैच खास नहीं रहा। विराट और रोहित शर्मा पहले मैच में फ्लॉप रहे। रोहित केवल 8 रन और कोहली बिना खाता खोले आउट हो गए।
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने के खराब प्रदर्शन से फैंस को काफी निराश हुई। वहीं भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी रोहित और विराट को प्रदर्शन पर अपना रिएक्शन दिया है। सुनील ने कहा कि आने वाले दो मैचों में रोहित और कोहली का अच्छा प्रदर्शन करना बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं होगा।
रेगुलर बल्लेबाजों ने किया संघर्ष
इंडिया टुडे से बात करते सुनील गावस्कर ने कहा, "वे ऑस्ट्रेलिया की सबसे उछालभरी पिच पर खेल रहे थे, जो आसान नहीं थी। खासकर उनके लिए जो पिछले कुछ महीनों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर थे। यहां तक कि शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जैसे नियमित खिलाड़ी भी इस पिच पर संघर्ष कर रहे थे।" उन्होंने आगे कहा, "भारत अभी भी एक मजबूत टीम है, जिसने हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। अगर रोहित और कोहली अगले दो मैचों में बड़ी पारी खेलते हैं, तो इसमें कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए।"
जल्दी ही लय पकड़ लेंगे रोहित-कोहली
सुनील गावस्कर ने कहा, "वे कुछ महीनों बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटे हैं, इसलिए उन्हें अपनी लय पाने के लिए थोड़ा समय चाहिए। जैसे-जैसे वे ज्यादा मैच खेलेंगे, नेट्स पर प्रैक्टिस करेंगे और थ्रोडाउन लेंगे-चाहे वो 22 साल के नहीं बल्कि 20 साल के युवा गेंदबाजों से ही क्यों न हों, उनकी फॉर्म जल्दी लौट आएगी। एक बार जब ये दोनों रन बनाना शुरू कर देंगे, तो भारत का स्कोर 300 या उससे भी ज्यादा पहुंचना तय है।"
विराट के लिए खास है एलिलेड
भारत का ऑस्ट्रेलिया से दूसरा वनडे मैच 23 अक्टूबर गुरुवार को एडिलेड ओवल के मैदान पर खेला जाएगा। इस मैदान पर विराट कोहली का रिकॉर्ड काफी अच्छा है। दिसंबर 2014 में इसी मैदान पर उन्होंने अपनी टेस्ट कप्तानी की शुरुआत की थी और उस मैच में दो शतक जड़े थे। दिलचस्प बात यह है कि कोहली का पहला टेस्ट शतक भी एडिलेड में ही आया था। वनडे में भी उन्होंने 2015 विश्व कप के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ इसी मैदान पर शतक लगाया था।
रोहित शर्मा इस रिकॉर्ड के करीब
वहीं, रोहित शर्मा ने एडिलेड ओवल में अब तक खेले गए छह वनडे मैचों में कुल 131 रन बनाए हैं। अगर दूसरे वनडे में रोहित सिर्फ दो रन और बना लेते हैं, तो ऑस्ट्रेलिया में भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे मुकाबलों में 1000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल रोहित के नाम 20 मैचों में 998 रन हैं, जबकि विराट कोहली 19 मैचों में 802 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं।