IND vs ENG Highlights: हाईस्कोरिंग थ्रिलर में भारत ने मारी बाजी, इंग्लैंड को हरा फाइनल में सूर्या ब्रिगेड...न्यूजीलैंड से होगा खिताबी मुकाबला

IND vs ENG Highlights: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला गया। टॉस जीतकर इंग्लैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो उनके हक में नहीं गया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। इंग्लैंड ने सात विकेट पर 246 रन बनाए। अंत में भारत ने 7 रन से ये मुकाबला अपने नाम किया

अपडेटेड Mar 05, 2026 पर 11:37 PM
Story continues below Advertisement
IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बना ली है

IND vs ENG Highlights: टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल हाईस्कोरिंग थ्रिलर की तरह रहा और इस रोमांचक मुकाबले को अंत में भारत ने अपने नाम किया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला गया। टॉस जीतकर इंग्लैंड की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो उनके हक में नहीं गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारतीय बल्लेबाजों ने रनों का तूफान ला दिया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। जबकि शिवम दुबे ने 43 रन बनाए। ईशान किशन ने 39, हार्दिक पंड्या ने 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया।

वहीं इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथल ने तूफानी शतक जड़ा। उन्होंने 48 गेंदों में 105 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड ने सात विकेट पर 246 रन बनाए। अंत में भारत ने 7 रन से ये मुकाबला अपने नाम किया। अब टीम इंडिया का मुकाबला फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा। ये मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

सैमसन की तूफानी फिफ्टी


बल्लेबाजी करने उतरे संजू सैमसन ने सबसे शानदार पारी खेली और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मैच का रुख भारत के पक्ष में कर दिया। भारतीय टीम को दूसरे ओवर में ही पहला झटका लग गया। उस समय टीम का स्कोर 20 रन था। विल जैक्स की गेंद पर अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और संजू सैमसन ने पारी को संभाला। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 6 ओवर में 1 विकेट पर 67 रन हो गया। आठवें ओवर में संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 3 छक्के और 7 चौके लगाए। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर 1 विकेट पर 92 रन हो गया था।

ईशान किशन की तेज पारी

10वें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा। आदिल राशिद की गेंद पर ईशान किशन 18 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हो गए। ईशान और सैमसन के बीच 45 गेंदों में 97 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 119 रन था। वहीं 14वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा, जब विल जैक्स की गेंद पर संजू सैमसन 42 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी पारी में उन्होंने कई शानदार शॉट लगाए। इससे पहले सैमसन और शिवम दुबे के बीच 22 गेंदों में 43 रन की साझेदारी हुई। उस समय भारत का स्कोर 3 विकेट पर 160 रन था।

डेथ ओवर में तेज रन

16वें ओवर में आदिल राशिद ने सूर्यकुमार यादव को 11 रन पर आउट कर दिया। सूर्यकुमार और शिवम दुबे के बीच 15 गेंदों में 30 रन की साझेदारी हुई थी। वहीं 18वें ओवर में भारत को बड़ा झटका लगा जब शिवम दुबे 25 गेंदों में 43 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने तिलक वर्मा को 21 रन पर आउट कर दिया। अंतिम ओवर में हार्दिक पांड्या भी 12 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हो गए। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए और इंग्लैंड को जीत के लिए 254 रन का लक्ष्य दिया।

पावरप्ले में तीन बड़े झटके

254 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड की टीम को पावरप्ले में ही बड़ा नुकसान हुआ। टीम ने 68 रन बनाते-बनाते अपने टॉप-3 बल्लेबाज गंवा दिए। दूसरे ओवर की पहली गेंद पर भारत को पहली सफलता मिल गई। हार्दिक पांड्या की आउटस्विंगर गेंद पर फिल सॉल्ट लेग साइड में शॉट खेलने गए, लेकिन कवर्स पर खड़े अक्षर पटेल ने शानदार कैच पकड़ लिया। सॉल्ट 3 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल ने बैकवर्ड पॉइंट पर पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच लिया। इसके बाद छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को बोल्ड कर दिया। वरुण ने बटलर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छठी बार आउट किया।

बेथेल का तूफानी शतक

नौवें ओवर की पहली गेंद पर इंग्लैंड ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। जैकब बेथेल ने वरुण चक्रवर्ती की पहली गेंद पर चौका लगाकर टीम को ट्रिपल डिजिट तक पहुंचाया। 11वें ओवर में बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड ने 17वें ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया। अर्शदीप सिंह के ओवर की आखिरी दो गेंदों पर जैकब बेथेल ने एक चौका और एक छक्का लगाया, जिसके साथ टीम का स्कोर 200 के पार पहुंच गया। बेथल ने 43 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा। लास्ट के 6 गेंदों में इंग्लै़ंड को जीत के लिए 30 रनों की जरूरत थी पर इस ओवर के पहली ही गेंद पर बेथल रन आउट हो गए। अंत में भारत ने सात रनों से ये मुकाबला अपने नाम किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।