IND vs NED Highlights: भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपने आखिरी लीग ग्रुप मैच में नीदरलैंड को मात दे दी है। भारत ने ग्रुप स्टेज के अपने सभी चारों मुकाबलों में जीत दर्ज की है और ग्रुप में टॉप पर है।वहीं बुधवार को खेले गए अपने ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारत ने 17 रन से नीदरलैंड को मात दी। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते भारत ने नीदरलैंड को 194 रन का टारगेट दिया। भारत की ओर से शिवम दुबे ने 66 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं इस टारगेट का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना सकी। शिवम दुबे 31 गेंदों में 66 रन बनाकर आउट हुए और गेंदबाजी में दो विकेट भी चटकाए।
डक पर आउट हुए अभिषेक शर्मा
मैच की शुरुआत भारत के लिए झटकों भरी रही। पहले ही ओवर में आर्यन दत्त ने अभिषेक को बिना खाता खोले आउट कर दिया, जो इस टूर्नामेंट में उनका लगातार तीसरा डक रहा। इसके बाद ईशान किशन ने तेज शुरुआत करते हुए 7 गेंदों में 18 रन बनाए, लेकिन पांचवें ओवर में वह भी आर्यन दत्त का शिकार बन गए। भारत के दोनों ओपनर पवेलियन लौट चुके थे। ईशान और तिलक वर्मा के बीच 23 गेंदों में 39 रन की साझेदारी हुई। फिर तिलक और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की और 28 गेंदों में 30 रन जोड़े। हालांकि 9वें ओवर में 69 रन के स्कोर पर लोगान वैन बीक ने तिलक वर्मा को 27 गेंदों में 31 रन पर आउट कर भारत को तीसरा झटका दे दिया।
इसके बाद सूर्यकुमार और शिवम दुबे ने पारी को संभाला लेकिन 14वें ओवर में काइल क्लेन ने सूर्यकुमार यादव को 34 रन पर आउट किया। सूर्यकुमार और शिवम दुबे के बीच 27 गेंदों में 41 रन की अहम साझेदारी हुई। इसके बाद शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 35 गेंदों में 76 रन की तेज साझेदारी की। शिवम ने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अपनी पारी में 5 छक्के व 2 चौके जड़े। आखिरी ओवरों में भारत ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और अंतिम चार ओवर में 75 रन जोड़ दिए। 20वें ओवर में 186 के स्कोर पर शिवम दुबे 31 गेंदों में 66 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हार्दिक पांड्या 21 गेंदों में 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
वरूण ने एक ही ओवर में झटके दो विकेट
बता दें कि 194 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम की शुरुआत सधी हुई रही। वहीं पावरप्ले के आखिरी ओवर ने नीदरलैंद को पहला झटका लगा। 6वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर मैक्स ओ'डॉड 20 रन बनाकर आउट हुए। वहीं 8वें ओवर में नीदरलैंड को दूसरा झटका लगा। हार्दिक पांड्या की गेंद पर माइकल लेविट 24 रन बनाकर आउट हुए। 13वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने नीदरलैंड को दो झटके दिए। वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर कॉलिन एकरमैन 23 रन और आर्यन दत्त बिना खाता खोले आउट हुए। नीदरलैंड की और से कोई भी बड़ी साझेदारी देखने को नहीं मिली।
वहीं 13 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 99 रन बना लिए थे। 14वें ओवर में नीदरलैंड को पांचवां झटका लगा। शिवम दुबे की गेंद पर बास डी लीडे 33 रन बनाकर आउट हुए। 16वें ओवर में नीदरलैंड को 6वां झटका लगा । जसप्रीत बुमराह की गेंद पर स्कॉट एडवर्ड्स 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं नीदरलैंड को अंतिम ओवर में जीत के लिए 28 रनों की जरूरत थी पर टीम ने मात्र 10 रन ही बना पाई। वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट झटके। शिवम दुबे को 2 विकेट मिले। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या के हिस्से एक-एक विकेट आया।
नीदरलैंड के गेंदबाज लोगान वैन बीक ने 3 विकेट चटकाए। वहीं आर्यन दत्त को 2 विकेट और काइल क्लेन को 1 विकेट मिला।