IND vs NZ Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला आज 23 जनवरी को खेला गया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में रनों का अंबार देखने को मिला। मुकाबले में कुल 400 से ज्यादा रन बने। वहीं इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने धमाकेदार पारी खेली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए और भारत को 209 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 15.2 ओवर में ही 3 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया। भारत ने इस मुकाबले को 7 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
भारत ने अपने प्लेइंग 11 में किए दो बदलाव
भारतीय टीम ने दूसरे मैच के लिए अपनी प्लेइंग 11 में दो बदलाव के साथ उतरा था। पिछले मुकाबले में चोटिल हुए अक्षर पटेल को टीम में शामिल नहीं हुए, जबकि जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया। इनकी जगह हर्षित राणा और कुलदीप यादव को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है। गेंदबाज़ी में भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए, जबकि हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 विकेट मिला। वहीं न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी, जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
बता दें दोनों टीमों के बीच पहला मैच मैच 21 जनवरी को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया था, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया था।
209 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारत की पारी की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में संजू सैमसन 6 रन बनाकर मैट हेनरी की गेंद पर आउट हो गए। दूसरे ओवर में जैकब डफी ने अभिषेक शर्मा को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया, जिससे भारत ने सिर्फ 6 रन पर दो विकेट गंवा दिए। तीसरे ओवर में जकारी फाउल्केस के ओवर से 24 रन आए और यहीं से मैच का रुख बदला। इसके बाद ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालते हुए तेज़ बल्लेबाजी की। छठे ओवर में ईशान किशन ने 21 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा, जिसमें 2 छक्के और 9 चौके शामिल थे।
ईशान और सूर्या के बीच 48 गेंदों में 122 रन की शानदार साझेदारी हुई। 10वें ओवर में 128 रन के स्कोर पर ईशान किशन 32 गेंदों में 76 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला। सूर्यकुमार यादव ने 23 गेंदों में करीब एक साल बाद अपना अर्धशतक पूरा किया और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। अंत में शिवम दुबे के बल्ले से विनिंग रन आया। सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे के बीच 37 गेंदों में 81 रन की नाबाद साझेदारी हुई। भारत ने 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन बना लिए और न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। सूर्यकुमार यादव 82 रन और शिवम दुबे 36 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ईशान किशन ने 76 रन की विस्फोटक पारी खेलकर जीत की नींव रखी।
न्यूजीलैंड की खराब शुरूआत
न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत में दो ओवर में दो झटके लगे हैं। चौथे ओवर में हर्षित राणा ने डेवोन कॉनवे को 19 रन पर आउट किया। इसके अगले ही ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने टिम सीफर्ट को 24 रन पर पवेलियन भेज दिया, जिससे न्यूजीलैंड के दोनों ओपनर आउट हो गए। इसके बाद रचिन रवींद्र और ग्लेन फिलिप्स ने 27 गेंदों में 55 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन 9वें ओवर में 98 रन पर कुलदीप यादव ने ग्लेन फिलिप्स को 19 रन पर आउट कर तीसरा झटका दिया। 12वें ओवर में 125 रन के स्कोर पर शिवम दुबे ने डेरिल मिचेल को 18 रन पर आउट किया, जिनके साथ रचिन रवींद्र की 16 गेंदों में 27 रन की साझेदारी हुई थी।
13वें ओवर में कुलदीप यादव ने रचिन रवींद्र को 44 रन पर आउट कर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। वहीं मिचेल सेंटनर ने मार्क चैपमैन ने पारी को आगे बढ़ाया। वहीं 17वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन को 10 रन पर आउट हुए। आखिरी ओवर भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने फेंका, जिसमें 17 रन आए। अंत में मिचेल सेंटनर 27 गेंदों में 47 रन और जकारी फाउल्केस 15 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए और भारत के सामने 209 रन का टारगेट दिया था।