IND vs NZ: 'दिल तोड़ने भी पड़े तो कोई...', फाइनल से पहले मिचेल सैंटनर ने टीम इंडिया को दी वॉर्निंग, पैट कमिंस की दिलाई याद

IND vs NZ: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ने में मुझे कोई भी आपत्ति नहीं होगी।

अपडेटेड Mar 07, 2026 पर 4:11 PM
Story continues below Advertisement
मिचेल सेंटनर का ये बयान कुछ हद तक ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस की बात को याद दिलाता है

IND vs NZ Final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें पूरी तरह से तैयार है। वहीं फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। इस अहम मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कई सवालों के जवाब दिया। कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि, ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ने में मुझे कोई भी आपत्ति नहीं होगी।

वर्ल्ड कप फाइनल से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर से पूछा गया कि, क्या आप कल ऐसे ‘बैड गाईज़’ बनना चाहेंगे, जो जीत हासिल करके अरबों लोगों के दिल तोड़ दें?” जानें इस सवाल पर मिचेल सैंटनर ने क्या कहा।

हम शायद फेवरेट नहीं हैं


मिचेल सैंटनर ने इस पर कहा, “मुझे ट्रॉफी जीतने में बिल्कुल भी दिक्कत नहीं होगी। अगर आप इस टीम और पहले की टीमों को देखें, तो हम लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं, क्योंकि हम हालात या विरोधी टीम से डरने की कोशिश नहीं करते। हम मैदान पर जाकर अपना काम करते हैं। एक टीम के तौर पर इस बार भी कुछ अलग नहीं है। जाहिर है यह एक बड़ी चुनौती होगी और हर कोई जानता है कि हम शायद फेवरेट नहीं हैं, लेकिन हमें इससे कोई परेशानी नहीं है।”

कुछ दिल टूटते हैं, तो कोई दिक्कत नहीं

उन्होंने आगे कहा, “हम जानते हैं कि अगर हम अपनी छोटी-छोटी चीजें सही तरीके से करें और टीम के तौर पर अच्छा प्रदर्शन करें, तो हम ट्रॉफी जीतने की मजबूत स्थिति में होंगे। ट्रॉफी उठाने के लिए अगर कुछ दिल भी टूटते हैं, तो उससे मुझे कोई दिक्कत नहीं होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि उनका लक्ष्य नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद बड़ी भीड़ को शांत करना है, जहां एक लाख से ज्यादा दर्शक आ सकते हैं।

भीड़ को चुप कराना है

मिचेल सेंटनर ने कहा, “हमारा मकसद भीड़ को साइलेंट कराना है। T20 क्रिकेट में खेल बहुत तेजी से बदलता है और मैच का रुख कभी भी पलट सकता है, जैसा कि हमने पूरे वर्ल्ड कप में देखा है। ज्यादातर टीमें लगभग बराबरी की होती हैं और हर मैच में कुछ छोटे-छोटे पल ही नतीजा तय करते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि उस रात भारत भी जीत के काफी करीब था।”

मिचेल सैंटनर का ये बयान कुछ हद तक ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस की बात को याद दिलाता है। 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले कमिंस ने कहा था कि वह नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद भारतीय दर्शकों को साइलेंट करना चाहते हैं। फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।