Rohit Sharma: रोहित शर्मा को लेकर असिस्टेंट कोच के बयान से मचा हंगामा... इस क्रिकेटर ने जमकर सुनाया

Rohit Sharma: भारत के पूर्व क्रिकेटर ने कोच रायन डोएशेट को रोहित शर्मा को लेकर दिए गए बयानों पर संयम बरतने की सलाह दी है। बता दें सीरीज से पहले रोहित को मैच प्रैक्टिस थोड़ी कम मिली थी, इसलिए उनका रवैया थोड़ा संभला हुआ दिखा

अपडेटेड Jan 17, 2026 पर 3:11 PM
Story continues below Advertisement
Rohit Sharma: इस तरह के बयान खिलाड़ियों का मनोबल गिराने वाले होते हैं

Rohit Sharma: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। अब तक खेले दो मैचों में रोहित शर्मा का बल्ला कुछ खास नहीं चला। पहले मैच में रोहित 26 रन और दूसरे मैच में 24 रन बनाकर आउट हुए। वहीं रोहित के हालिया फॉर्म पर भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रायन टेन डोएशेट ने एक टिप्पणी की थी। टेन डोएशेट ने कहा कि सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की पिच रोहित के ‘टच’ स्टाइल के लिए अनुकूल नहीं थी। साथ ही उनका ये भी मानना था कि सीरीज से पहले रोहित को मैच प्रैक्टिस थोड़ी कम मिली थी, इसलिए उनका रवैया थोड़ा संभला हुआ दिखा। वहीं डोएशेट के इस बयान पर भारत के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने अपना रिएक्शन दिया है।

भारत के पूर्व क्रिकेटर ने कोच रायन डोएशेट को रोहित शर्मा को लेकर दिए गए बयानों पर संयम बरतने की सलाह दी है। तिवारी ने कहा कि रोहित शर्मा ने अपने करियर में जो हासिल किया है, उसके मुकाबले टेन डोएशेट एक खिलाड़ी के रूप में उसका “5 प्रतिशत” भी नहीं पहुंचे हैं।

रोहित के 5 प्रतिशत नहीं रायन


तिवारी ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “पूरे सम्मान के साथ मैं रायन टेन डोएशेट से कहना चाहूंगा कि वह चार साल तक कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में मेरे साथ रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं कि वह एक अच्छे इंसान हैं, लेकिन जिस तरह की टिप्पणी उन्होंने की, उस पर उन्हें सोच-विचार करना चाहिए था। उन्होंने नीदरलैंड्स के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है, लेकिन अगर उनके अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन की तुलना करें, तो पूरे सम्मान के साथ कहना चाहूंगा कि वह रोहित शर्मा ने अपने करियर में जो हासिल किया है, उसका 5 प्रतिशत भी नहीं है। चाहे बल्लेबाजी हो या कप्तानी।”

ऐसे कमेंट नहीं करने चाहिए

टेन डोएशेट ने नीतीश कुमार रेड्डी के प्रभाव को लेकर खुलकर टिप्पणी की, जिसे लेकर भी विवाद बढ़ गया। इस पर तिवारी ने कहा कि इस तरह के बयान खिलाड़ियों का मनोबल गिराने वाले होते हैं। तिवारी ने कहा, “रोहित शर्मा ने चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर देश को बहुत खुशी दी है। इसके बाद उनके बारे में ऐसी बातें करना, वह भी तब जब वह टीम का हिस्सा हैं और मैनेजमेंट में शामिल हैं, बिल्कुल सही नहीं है। किसी अपने ही खिलाड़ी पर इस तरह की टिप्पणी करना उसका आत्मविश्वास तोड़ सकता है। मुझे समझ नहीं आता कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा। उन्हें इस पर जरूर सोचना चाहिए। मेरी राय में ऐसे कमेंट्स नहीं किए जाने चाहिए।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।