न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले विवादों में घिरे रिंकू सिंह, एक पोस्ट के कारण हुई शिकायत

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद में फंस गए हैं। उनके फेसबुक पर शेयर किए गए एक पोस्ट पर करणी सेना ने आपत्ति जताई है। करणी सेना ने अलीगढ़ के सासनी गेट थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। जानें क्या है पूरा मामला

अपडेटेड Jan 19, 2026 पर 11:16 PM
रिंकू सिंह ने सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं से जुड़ा एक AI से तैयार किया गया वीडियो शेयर किया है

न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज के पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह एक विवाद में घिर गए हैं। ये विवाद उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ है। रिंकू सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर हिंदू देवी-देवताओं से जुड़ा एक AI-जनरेटेड वीडियो शेयर किया था, ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। हालांकि इस वीडियो को लेकर करणी सेना के सदस्यों ने नाराजगी जताई है। इस मामले में करणी सेना के पदाधिकारियों ने अलीगढ़ के सासनी गेट पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत देकर रिंकू सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस वीडियो पर हुआ विवाद

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं से जुड़ा एक AI से तैयार किया गया वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में रिंकू सिंह को मैदान पर लगातार छक्के लगाते हुए दिखाया गया है। वीडियो में रिंकू सिंह को क्रिकेट शॉट खेलते हुए दिखाया गया है, जिसके साथ कैप्शन में सवाल किया गया है, “तुम्हें क्रिकेटर किसने बनाया?” इसके बाद वीडियो में भगवान शिव, भगवान हनुमान, भगवान विष्णु और भगवान गणेश के AI-जनरेटेड और एनिमेटेड दृश्य दिखाए जाते हैं। इसके जरिए ये संदेश देने की कोशिश की गई है कि उनकी कामयाबी भगवान की कृपा से मिली है।


वीडियो में सभी को एक थार गाड़ी के अंदर बैठे हुए दिखाया गया है, जहां सभी ने काले रंग का चश्मा पहन रखा है। वीडियो में भगवान हनुमान गाड़ी चलाते हुए दिखाई देते हैं, जबकि बैकग्राउंड में इंग्लिश म्यूजिक बजता रहता है।

करणी सेना में नाराजगी

वीडियो को लेकर करणी सेना के सदस्य नाराज हैं और उनका कहना है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी मामले में रविवार को करणी सेना के डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट सुमित तोमर अपने समर्थकों के साथ रिंकू सिंह के खिलाफ फॉर्मल कंप्लेंट दर्ज कराने के लिए अलीगढ़ के सासनी गेट पुलिस स्टेशन गए।

पुलिस ने क्या कहा

पुलिस ने कहा कि इस मामले में बहुत सोच-समझकर कदम उठाए जा रहे हैं। अलीगढ़ के सासनी गेट थाने के स्टेशन इंचार्ज ने बताया कि उन्हें एक लिखित शिकायत मिली है और उसकी जांच की जा रही है। पुलिस पहले यह जानना चाहती है कि वायरल वीडियो असली है या नहीं और इसमें रिंकू सिंह की क्या भूमिका है—क्या वीडियो उन्होंने खुद बनाया, एडिट किया या अपलोड किया। अधिकारियों ने साफ कहा है कि पूरी जांच के बाद ही किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया जाएगा।

कब-कब खेला जाएगा टी20 मुकाबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी 2026 को नागपुर के वीसीए स्टेडियम से होगी। दूसरा टी20 मैच 23 जनवरी को रायपुर में, तीसरा 25 जनवरी को गुवाहाटी में खेला जाएगा। इसके बाद चौथा मुकाबला 28 जनवरी को विशाखापत्तनम में होगा, जबकि सीरीज का आखिरी और पांचवां मैच 31 जनवरी 2026 को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।