IND vs PAK: टीम के साथ कोलंबो पहुंचे अभिषेक शर्मा, पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे मुकाबला? आया ये बड़ा अपडेट

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होगा। अभिषेक शर्मा टीम के साथ कोलंबो पहुंच गए हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उनके खेलने पर अभी फैसला बाकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा का खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा

अपडेटेड Feb 13, 2026 पर 11:01 PM
पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में अभिषेक शर्मा का खेलना उनकी सेहत पर निर्भर करेगा

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। भारत के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इन दिनों पेट के इंफेक्शन से उबर रहे हैं। इसी वजह से अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में नहीं खेल पाए थे। हालांकि अब उनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच के लिए अभिषेक शर्मा टीम के साथ कोलंबो के लिए रवाना भी हो गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक खेलेंगे या नहीं इस पर अभी संशय बना हुआ है।

पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे अभिषेक

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में अभिषेक शर्मा का खेलना उनकी सेहत पर निर्भर करेगा। बताया जा रहा है कि पेट की समस्या से पूरी तरह ठीक होने के बाद ही उन्हें प्लेइंग 11 में जगह मिलेगी। शनिवार शाम को कोलंबो में टीम का प्रैक्टिस सेशन होगा, जहां उनकी फिटनेस पर खास नजर रखी जाएगी। उसी के बाद यह तय किया जाएगा कि वह भारत-पाकिस्तान मैच में खेल पाएंगे या नहीं।


संजू को मिला था मौका

अभिषेक शर्मा के न खेलने पर नामीबिया के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में संजू सैमसन को मौका मिला था। संजू ने भारत के लिए ओपनिंग की और तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 22 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन के बाद उम्मीद कि अगर अभिषेक फिट नहीं होते, तो सैमसन को फिर से पारी की शुरुआत का मौका मिल सकता है। वहीं एक विकल्प के तौर पर वाशिंगटन सुंदर का नाम भी सामने आ रहा है। अगर उन्हें ओपनर के रूप में मौका मिलता है, तो टीम को बल्लेबाजी के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी में भी अतिरिक्त मजबूती मिल सकती है।

बारिश डालेगी मैच में खलल?

श्रीलंका के मौसम विभाग के मुताबिक, 15 फरवरी के आसपास बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे बारिश की संभावना बढ़ गई है। वहीं AccuWeather के मुताबिक रविवार को कोलंबो में बारिश होने की 93 प्रतिशत संभावना जताई गई है। अगर खराब मौसम के कारण भारत-पाकिस्तान मुकाबला रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटना पड़ेगा, क्योंकि ग्रुप स्टेज मैचों के लिए कोई रिजर्व दिन तय नहीं किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।