IND vs PAK Final: एशिया कप 2025 का रोमांचक फाइनल आज 28 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले ये मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा और टॉस रात 7.30 पर होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले को देखते हुए दुबई पुलिस ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं और दर्शकों के लिए खास नियम तय किए हैं।
अगर आप आज स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को देखने जा रहे हैं तो इन दिशानिर्देशों का पालन करना होगा। 41 सालों में यह पहली बार होगा जब भारत और पाकिस्तान एशिया कप के फाइनल मुकाबले में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे।
इस बड़े मैच को देखते हुए दुबई पुलिस ने स्टेडियम में आने वाले फैंस के लिए क्या करें और क्या न करें की इसकी एक लिस्ट पोस्ट की है। दुबई पुलिस ने सभी टिकट धारकों को खेल शुरू होने के समय रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार) से कम से कम तीन घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी है। हर टिकट पर केवल एक बार ही एंट्री मिलेगा और दोबारा अंदर आने की अनुमति नहीं होगी। यानी अगर कोई दर्शक बीच मैच में स्टेडियम से बाहर निकलता है, तो वह फिर से एंट्री नहीं कर पाएगा। इस मैच के दौरान बैनर और पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मैच देखने आने वालों को केवल निर्धारित जगह पर ही वाहन पार्क करने को कहा गया है। साथ ही झंडे, बैनर और पटाखे जैसी चीजें स्टेडियम के अंदर ले जाना सख्त मना है।
स्टेडियम में आने वाले फैंस को स्टेडियम के कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। पिच पर घुसने, प्रतिबंधित सामान लाने या अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने जैसे नियम तोड़ने वालों पर 1.2 लाख से 7.24 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं, खिलाड़ियों के साथ हिंसा करने, उन पर वस्तुएं फेंकने या रेसिस्ट व आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने पर 2.41 लाख से 7.24 लाख रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला
रविवार को दुबई में होने वाले एशिया कप फाइनल में भारतीय टीम का लक्ष्य जीत हासिल करना होगा। भारत और पाकिस्तान के मैच हमेशा रोमांचक रहे हैं, लेकिन इस बार माहौल थोड़ा अलग है। मैदान के बाहर के तनाव, विवादित घटनाओं और जुर्मानों के कारण यह मुकाबला और भी चर्चाओं में है, जिससे इस मुकाबले की और चर्चा होने लगी है।