IND vs PAK: 'हमारा टारगेट ट्रॉफी जीतना है...'भारत से हार के बाद उस्मान तारिक ने कही ये बात

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से 61 रन की हार के बाद पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक ने कहा कि टीम ने अपनी गलतियों से सीख ली है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगली बार भारत के खिलाफ पाकिस्तान बेहतर तैयारी के साथ उतरेगा

अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 5:53 PM
Story continues below Advertisement
मैच के बाद हेड कोच माइक हेसन ने कहा था कि टीम प्रेशर में बुनियादी चीजें सही से नहीं कर पाई

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी थी। वहीं इस हार के बाद पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक ने कहा कि टीम ने इस हार से सबक लिया है। मैच में कई गलतियां हुईं, लेकिन टीम ने उनसे सीखने की कोशिश की है। तारीक ने कहा अगली बार जब पाकिस्तान भारत के खिलाफ उतरेगा, तो टीम ज्यादा तैयार और मजबूत प्रदर्शन करती नजर आएगी। उस्मान तारिक अपने अलग तरह के राउंड-आर्म एक्शन और रुक-रुक कर दौड़ने वाली रन-अप के कारण मैच से पहले चर्चा में थे। भारत के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की और चार ओवर में केवल 24 रन दिए।

भारत और पाकिस्तान के बीच का मुकाबला कोलंबो में खेला गया था। मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 176 रन का टारगेट दिया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। भारत ने ये मैच 61 रन से अपने नाम किया था।

'गलतियों से सीख ले रहे हम'


उस्मान तारिक ने रिपोर्टर्स से कहा, "टीम को ऊपर उठाना तभी मुश्किल होता है जब आप पिछले मैच में की गई अपनी गलतियों पर काम नहीं करते। हमने अपनी कमियों पर मेहनत की है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि आगे बढ़ना मुश्किल होगा। हमने फैसला किया है कि उन गलतियों को दोबारा नहीं करेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "हम अपने फैंस की निराशा समझते हैं, क्योंकि ये मैच पूरा देश देख रहा था। इसलिए हम उनका दर्द समझ सकते हैं लेकिन मुझे यकीन है कि जब हम अगली बार उनसे (इंडिया से) खेलेंगे तो हम बेहतर खेलेंगे।"

'ट्रॉफी जितना है टारगेट'

मैच के बाद हेड कोच माइक हेसन ने कहा था कि टीम प्रेशर में बुनियादी चीजें सही से नहीं कर पाई, लेकिन उस्मान तारिक ने इस बात से सहमति नहीं जताई। तारिक ने कहा, "प्रेशर महसूस होना नॉर्मल बात है। प्रेशर को कंट्रोल करना काम का हिस्सा है और हमने इस पर काम भी किया है। फिलहाल हमें किसी तरह का प्रेशर नहीं है। मुझे नहीं लगा कि टीम प्रेशर में थी।" उन्होंने आगे कहा, "हम जिस भी टीम के खिलाफ खेलें, हमें उन्हें हराने का भरोसा है। हमारा लक्ष्य फाइनल तक पहुंचना और ट्रॉफी जीतना है, और हम इसे हासिल करने के लिए पूरी कोशिश करेंगे।"

बाबर-शाहीन पर क्या कहा

इस बीच खबरें सामने आई हैं कि नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान टीम प्लेइंग इलेवन से बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को बाहर बैठा सकती है। इन पर तारिक ने कहा, “बाबर और शाहीन ने पाकिस्तान के लिए कई मुकाबले जिताए हैं। अगर किसी एक मैच में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, तो इसका मतलब यह नहीं कि हम उन्हें नजरअंदाज कर दें।”

पाकिस्तान को नामीबिया के खिलाफ जीत जरुरी

अब पाकिस्तान के लिए अगला मुकाबला बेहद अहम हो गया है। टीम बुधवार 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। अगर पाकिस्तान इस मैच में हार जाती है, तो अगले दौर में पहुंचने की उनकी उम्मीदें लगभग खत्म हो सकती हैं। इसलिए ये मुकाबला पाकिस्तान के लिए करो या मरो जैसा बन गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।