IND U19 vs PAK U19: अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स ग्रुप-2 मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह उसे पूरा नहीं कर सके। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। पारी की शुरुआत करने आए भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे। वैभव को आउट होने से ठीक पहले एक जीवनदान भी मिला, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। आठवें ओवर में उनका विकेट गिर गया और वह 30 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई। टीम इंडिया की पूरी टीम 49.5 ओवर में 252 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान को 253 रन का टारगेट मिला है।
रविवार को खेले जा रहे ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-6 ग्रुप-2 मुकाबले में टॉस के दौरान एक अलग नजारा देखने को मिला। भारत के अंडर-19 कप्तान आयुष म्हात्रे और पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ ने पारंपरिक हैंडशेक नहीं किया और बिना हाथ मिलाए ही टॉस की औपचारिकता पूरी की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। वैभव ने तीसरे और चौथे ओवर में चौके लगाए और सातवें ओवर में एक चौका व एक छक्का जड़ा। वैभव सूर्यवंशी तेजी से रन बटोर रहे थे, जबकि दूसरे छोर पर आरोन जॉर्ज धैर्य के साथ पारी आगे बढ़ा रहे थे। दोनों के बीच 47 रन की साझेदारी हुई। आठवें ओवर में मोहम्मद सय्याम की बाउंसर पर पुल शॉट खेलते हुए वैभव कैच आउट हो गए। उन्होंने 22 गेंदों में 30 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था।
जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक ही गेंद पर दो बार बचने का मौका मिला। वैभव अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और भारतीय पारी के 8वें ओवर में पाकिस्तान के पास उन्हें आउट करने का बढ़िया मौका था। ओवर की तीसरी गेंद पर वैभव ने मोहम्मद सय्याम की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ठीक से बल्ले पर नहीं आई और हवा में चली गई। यह एक आसान कैच था, लेकिन फील्डर हुजैफा अहसान उसे पकड़ नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने गेंद जल्दी से विकेटकीपर की तरफ फेंकी, क्योंकि वैभव क्रीज से बाहर थे, लेकिन रन आउट का मौका भी हाथ से निकल गया।
दोनों टीमों का आखिरी ग्रुप मुकाबला
अंडर-19 मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर सुपर-6 ग्रुप-2 के अहम मैच में भारत के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच है और भारत व पाकिस्तान दोनों के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें इस मैच पर टिकी हैं, इसलिए दोनों टीमों के लिए जीत बेहद जरूरी है। सुपर-6 ग्रुप-1 से ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुके हैं, जबकि सुपर-6 ग्रुप-2 से इंग्लैंड ने क्वालीफाई कर लिया है।