IND vs PAK: पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हैंडशेक करेगी हरमनप्रीत कौर की टीम? कप्तान ने दिया ये जवाब

IND vs PAK: पिछले कुछ समय से भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की परंपरा देखने को नहीं मिली है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर से भी इस मुद्दे पर सवाल पूछा गया

अपडेटेड Jun 14, 2026 पर 3:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों से पहले खिलाड़ियों के हाथ मिलाने को लेकर भी चर्चा बनी हुई है

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम रविवार 14 जून को एजबेस्टन में पाकिस्तान के खिलाफ अपने सफर की शुरुआत करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला कोई भी क्रिकेट मैच हमेशा चर्चा में रहता है और फैंस भी इसका बेसब्री से इंतजार करते हैं। हाल के वर्षों में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहतर रहा है। वहीं दोनों टीमों के बीच मुकाबले के फैंस बेसब्री से इंतजार करते है। वहीं भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों से पहले खिलाड़ियों के हाथ मिलाने को लेकर भी चर्चा बनी हुई है।

पिछले कुछ समय से भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच मैच के दौरान हाथ मिलाने की परंपर नहीं देखने को मिली है। पुरुष और महिला दोनों टीमों के मुकाबलों में ऐसा नजर आया है। महिला टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर से भी इस बारे में सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि क्या इस बार खिलाड़ी हाथ मिलाएंगे और क्या इस संबंध में बीसीसीआई की ओर से कोई निर्देश दिए गए हैं।

हरमनप्रीत ने क्या कहा


हरमनप्रीत ने रिपोर्टर्स से कहा, "मुझे लगता है कि हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं और हमारा पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है। क्रिकेट के अलावा हम किसी दूसरी चीज के बारे में बात नहीं करते और न ही उसके बारे में सोचते हैं। बचपन से ही क्रिकेट हमारा सपना रहा है और हम उसी पर फोकस करते हैं। कल के मैच को भी हम एक नॉर्मल मुकाबले की तरह ही देख रहे हैं, जिसे हमें खेलना है।"

मैच खेलने पर होता है दबाव

उन्होंने आगे कहा, "बिल्कुल, पाकिस्तान के खिलाफ मैच में दबाव रहेगा। मैंने पहले भी कहा है कि जब भी हम पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हैं तो दबाव महसूस होता है। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम उस दबाव का आनंद कैसे लेते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हर मैच में दबाव होता है। हमारा लक्ष्य सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और मैदान पर हर पल का पूरा आनंद उठाना है।"

हरमनप्रीत ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगी कि कोई दबाव नहीं है, क्योंकि दबाव तो निश्चित रूप से होता है। जब से मैंने एक प्रशंसक के रूप में क्रिकेट देखना शुरू किया, तब से ही ऐसे मुकाबलों का दबाव महसूस किया है और अब खिलाड़ी के तौर पर यह और भी अधिक महसूस होता है। लेकिन हम हमेशा यही कोशिश करते हैं कि खेल का पूरा आनंद लें, क्योंकि जितना हम मैच को एंजॉय करेंगे, उतना ही बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे। हम खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि हमें इतने बड़े मंच पर खेलने का मौका मिला है और हमारा लक्ष्य मैदान पर जाकर हर पल का आनंद उठाना है।”

दोनों टीमों में किसका पलड़ा भारी

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच अबतक कुल 16 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में भारतीय टीम ने 13 बार जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को केवल 3 जीत मिली हैं। पिछली बार दोनों टीमें 2024 टी20 विश्व कप में दुबई में आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह विकेट से जीत दर्ज की थी। अब भारतीय टीम उसी लय को बरकरार रखते हुए टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत करना चाहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।