IND vs SA Pitch Report: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। T20 वर्ल्ड कप को देखते हुए दोनों ही टीमों के लिए ये सीरीज काफी अहम है। बता दें इससे पहले दोनों टीमों के बीच में टेस्ट और वनडे मुकाबला खेला गया था। टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने भारत को 2-0 से मात दी थी वहीं वनडे में भारत ने साउथ अफ्रीका को 2-1 से मात दी है। अब दोनों ही टीमों की नजरें टी20 सीरीज पर है। आइए जानते हैं कैसी होगी कटक की पिच और वेदर रिपोर्ट
भारत के लिए अच्छी खबर है, शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या चोट से ठीक होकर फिर टीम में लौट रहे हैं। उनके प्लेइंग XI में आने से बल्लेबाजी और मजबूत हो जाएगी। वहीं जसप्रीत बुमराह भी आराम के बाद वापस टीम से जुड़ रहे हैं, जिससे गेंदबाजी विभाग को बड़ी मजबूती मिलेगी।
दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 31 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका 12 बार विजेता रहा है। एक मैच बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ, जिससे कुल मिलाकर मुकाबलों में भारत का पलड़ा थोड़ा भारी दिखाई देता है। कटक में खेले गए T20 इंटरनेशनल मुकाबलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां कुल 3 मैच हुए हैं। इनमें से एक बार टीम ने पहले बल्लेबाजी करके जीत हासिल की है, जबकि दो मैचों में पीछा करने वाली टीम जीती है।
बाराबती स्टेडियम में पहली बार लाल मिट्टी की पिच बनाई गई है। ऐसी पिच पर गेंद तेज और उछाल वाली होती है, इसलिए बल्लेबाजों को रन बनाने के अच्छे मौके मिल सकते हैं। नई गेंद के दौरान तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, मगर कुल मिलाकर गेंद बल्ले पर अच्छी आएगी। इसी वजह से बल्लेबाजों को शुरुआत में संभलकर खेलना होगा, ताकि बाद में मिडिल ओवर्स और आखिरी ओवर्स में तेजी से रन बनाकर स्कोर बड़ा किया जा सके।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला
टॉस जीतने वाली टीम के यहां पहले गेंदबाजी चुनना चाहिए क्योंकि पिच पर बाद में ओस गिर सकती है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजों को रन बनाने में आसानी होगी। स्पिनरों के लिए भी शुरुआत के सूखे हालात बेहतर रहते हैं, इसलिए वे चाहेंगे कि उनकी टीम टॉस जीते। ऐसे में जो टीम पहले बल्लेबाजी करेगी, उसे कोशिश करनी चाहिए कि 210–220 रन तक का बड़ा स्कोर बनाए, ताकि गेंदबाज़ दूसरी पारी की शुरुआत में विकेट लेकर मैच को अपने नियंत्रण में रख सकें।
कटक में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बारिश की संभावना नहीं है, और तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस के उच्च स्तर और 14 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम स्तर तक रह सकता है।
भारत और साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग 11
भारत की संभावित प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (vc), सूर्यकुमार यादव (c), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (wk), हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा/अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग 11: एडेन मार्करम, क्विंटन डी कॉक/डोनोवन फरेरा (wk), रीजा हेंड्रिक्स, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, डेवाल्ड ब्रेविस, कॉर्बिन बॉश, मार्को जेनसन, एनरिक नोर्त्जे, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज।