Ind vs USA Highlights: वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का शानदार आगाज, कप्तान सूर्या ने बल्ले से तो सिराज ने गेंद से किया कमाल

IND vs USA Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने पहले मैच में शानदार जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने यूएसए को 29 रन से हराया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन की बनाए, जबकि मोहम्मद सिराज ने 29 रन देकर 3 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई

अपडेटेड Feb 07, 2026 पर 11:22 PM
Story continues below Advertisement
IND vs USA Highlights: सिराज ने 29 रन देकर 3 विकेट चटका कर यूएसए की पारी को पूरी तरह से तोड़ दिया

IND vs USA Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार तरीके से अपने अभियान की शुरूआत की है। वर्ल्ड कप में खेले गए पहले मुकाबले में सूर्यकुमार की टीम इंडियन ने यूएसए को 29 से मात दी है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया तो वहीं गेंदबाजों ने भी मैच में कमाल का प्रदर्शन किया है। मोहम्मद सिराज ने 29 रन देकर 3 विकेट चटका कर यूएसए की पारी को पूरी तरह से तोड़ दिया। यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाई। यूएसए को 162 रन का टारगेट मिला। टारगेट का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 132 रन ही बना पाई।

यूएसए की खराब शुरुआत


162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए की शुरुआत भी खराब रही। दूसरे ओवर में मोहम्मद सिराज ने आंद्रिस गौस (6 रन) को आउट कर पहला झटका दिया। तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने कप्तान मोनांक पटेल को कैच आउट कराया और चौथे ओवर में सिराज ने सैतेजा मुक्कमल्ला को 2 रन पर पवेलियन भेज दिया, जिससे स्कोर 13 रन पर 3 विकेट हो गया। इसके बाद मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने 58 रन की साझेदारी कर पारी संभाली, लेकिन 12वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने मिलिंद (34 रन) को स्टंप आउट करवाकर साझेदारी तोड़ दी।

यूएसए को लगातार लग रहे थे झटके

वहीं 16वें ओवर में अक्षर पटेल ने दो विकेट लेकर मैच भारत की पकड़ में ला दिया, संजय 37 रन बनाकर और हरमीत सिंह बिना खाता खोले आउट हुए। 18वें ओवर में अर्शदीप ने मोहम्मद मोहसिन (8 रन) को आउट कर सातवां झटका दिया। आखिरी ओवर में यूएसए को 41 रन चाहिए थे, लेकिन सिराज के ओवर में सिर्फ 11 रन बने और शुभम रंजने 37 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह भारत ने मुकाबले पर आसानी से जीत दर्ज की है।

भारत को बैक-टू-बैक लगे थे झटके

मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में ही 8 रन पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने 37 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 45 रन पर ईशान 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। छठे ओवर में शैडली वैन शल्कविक ने एक ही ओवर में तीन बड़े झटके दिए, ईशान किशन, तिलक (25 रन) और शिवम दुबे आउट हो गए। जिसके बाद भारत का स्कोर 46 रन पर 4 विकेट हो गया। टीम लगातार दबाव में रही, हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव एक छोर संभाले रहे। 12वें ओवर में 72 रन पर रिंकू सिंह भी 6 रन बनाकर आउट हो गए। सूर्यकुमार और रिंकू के बीच 26 रन की साझेदारी हुई, लेकिन भारत की पारी लड़खड़ाती नजर आई।

सूर्या की तूफानी पारी

मिडिल ओवरों में भी भारत की मुश्किलें कम नहीं हुईं। 13वें ओवर में हरमीत सिंह ने हार्दिक पांड्या को 5 रन पर आउट कर 6वां झटका दिया, तब स्कोर 77 रन पर 6 विकेट था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल ने 41 रन की अहम साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि 17वें ओवर में 118 रन के स्कोर पर अक्षर 14 रन बनाकर आउट हो गए। 18वें ओवर में सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंदों में शानदार अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 1 छक्का और 7 चौके शामिल रहे। लेकिन 19वें ओवर में अर्शदीप सिंह 4 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं कप्तान सूर्या ने शानदार खेल दिखाते हुए 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए और टीम को अंत तक संभाले रखा। आखिरी ओवर में 21 रन आए और भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।