टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला यूएसए के खिलाफ खेली। इस मैच में भारत ने यूएसए को हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में यूएसए को 29 रनों से मात दी है। वहीं इस मैच को देखने के लिए भारत के पुर्व कप्तान रोहित शर्मा भी पहुंचे थे। रोहित शर्मा को आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का एंबेसडर बनाया है। वहीं मुकाबले शुरू होने से पहले रोहित शर्मा ने भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की है। वहीं मैदान पर रोहित शर्मा और कप्तान सुर्यकुमार यादव के बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा के बीच हुई मजेदार बातचीत का वीडियो भी सामने आया, जिसमें सूर्या के एक सवाल पर रोहित ने अपने खास अंदाज में उन्हें हल्की-फुल्की डांट लगा दी।
रोहित शर्मा ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ मिलकर टूर्नामेंट की आधिकारिक शुरुआत की और एक बार फिर ट्रॉफी उठाई। मुंबई के फैंस के लिए ये बहुत भावुक पल था। मैदान पर खड़े होकर टूर्नामेंट एंबेसडर रोहित शर्मा ने कहा, “यहां खड़े होकर थोड़ा अजीब लग रहा है। वहां से यहां आना अलग सा महसूस हो रहा है। ये बहुत भावुक पल है। मुझे अभी भी मैदान के इस तरफ खड़े होने की आदत नहीं है। ऐसे पल बार-बार नहीं आते।”
बल्लेबाजी करुं या गेंदबाजी
यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में टॉस से ठीक पहले एक मजेदार पल देखने को मिला। जब टीमें टॉस के लिए मैदान पर आईं, तो तभी रोहित शर्मा वहां से गुजर रहे थे। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव अपने पूर्व कप्तान रोहित के पास पहुंचे और हंसते हुए पूछा कि अगर भारत टॉस जीत जाए तो क्या करना चाहिए। मुस्कुराते हुए सूर्यकुमार ने उनसे पूछा, “जल्दी बताओ, बैटिंग करूं या बॉलिंग?” रोहित शर्मा ने अपने हमेशा की तरह शांत और मजेदार अंदाज में जवाब दिया, “अरे, पागल है क्या? पहले गेंदबाजी कर।” उनका ये जवाब सुनकर आसपास खड़े लोग हंस पड़े। वहीं ब्रॉडकास्ट ड्यूटी पर मौजूद युजवेंद्र चहल भी खुद को रोक नहीं पाए और अपने पुराने कप्तान से मिलने के लिए तुरंत उनके पास पहुंच गए।
कैसा था भारत और यूएसए का मैच
पहले मैच में यूएसए ने भारत को कड़ी टक्कर दी है और टीम इंडिया की मजबूत बल्लेबाजी को दबाव में ला दिया। भारत का स्कोर 46/4 और फिर 77/6 हो गया था। तभी सूर्यकुमार यादव ने पारी संभाल और उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। मुश्किल पिच पर उन्होंने समझदारी और आक्रामक अंदाज दोनों दिखाए। आखिरी 18 गेंदों में 48 रन बनाते हुए उन्होंने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जिसमें आखिरी ओवर में 21 रन भी शामिल थे। इसके बाद जब भारत को लक्ष्य बचाना था, तो गेंदबाजों ने कमाल कर दिया। मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में ही विकेट लेकर यूएसए पर दबाव बना दिया और भारत ने वानखेड़े में टी20 अंतरराष्ट्रीय का सबसे कम स्कोर सफलतापूर्वक डिफेंड कर लिया।