IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों का दूसरा मैच खेला जा रहा है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट मैच में आज चौथे दिन का खेल खेला जा रहा है। दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज टीम ने बड़ा कमाल कर दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के लिए जॉन कैंपबेल और शाई होप ने शानदार शतक लगाया है। जॉन कैंपबेल ने 199 गेंदों पर 12 चौके और 3 छक्के लगाकर 115 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 214 गेंदों में 103 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
कैंपबेल और शाई होप ने मिलकर 51 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। दोनों ने भारत में एक ही पारी में शतक लगाकर वेस्टइंडीज का 51 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले ऐसा 1974 में हुआ था।
1974 के बाद पहली बार भारत में किसी टेस्ट मैच की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के दो बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं। तब बेंगलुरु में हुए मैच में ओपनर गॉर्डन ग्रीनिज ने 208 गेंदों पर 107 रन बनाए थे, जबकि कप्तान क्लाइव लॉयड ने पांचवें नंबर पर उतरकर 149 गेंदों में 163 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं अब कैंपबेल और शाई होप ने इस रिकॉर्ड को बनाया है।
कैंपबेल-होप की शानदार बैटिंग
कैंपबेल ने जडेजा को छक्का लगाकर अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया, जबकि शाई होप ने चौका मारकर तीसरा शतक बनाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 177 रन जोड़कर टीम को पारी से हार से बचाया। कैंपबेल 64वें ओवर में रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में रवींद्र जडेजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए, जबकि 84वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने शाई होप को बोल्ड कर दिया।
सिराज ने दर्ज किया ये रिकॉर्ड
शाई होप को आउट करने के साथ ही मोहम्मद सिराज ने साल 2025 में अपने टेस्ट विकेटों की संख्या 37 कर ली और वह इस साल के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजराबानी 9 मैचों में 36 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं, जबकि सिराज ने सिर्फ 8 टेस्ट की 15 पारियों में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है।