IND vs WI Highlights: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सुपर-8 स्टेज के आखिरी मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। अब टीम इंडिया 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 199 रन बनाकर टारगेट हासिल कर लिया। इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे। संजू सैमसन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 50 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
196 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारत टीम शुरुआत डगमगाई। तीसरे ओवर में अकील होसेन ने अभिषेक शर्मा को 10 रन पर आउट हुए। इसके बाद पांचवें ओवर में जेसन होल्डर ने ईशान किशन (10 रन) को पवेलियन भेज दिया। 5 ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 44 रन था। इसके बाद संजू सैमसन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में शानदार अर्धशतक पूरा किया, जिसमें उन्होंने 3 छक्के और 6 चौके लगाए। 10 ओवर के बाद भारत ने 2 विकेट पर 98 रन बना लिए थे, लेकिन 11वें ओवर में शमर जोसेफ ने सूर्यकुमार यादव को 18 रन पर आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया।
संजू सैमसन की तूफानी पारी
भारत को 15वें ओवर में चौथा झटका लगा, जब जेसन होल्डर ने तिलक वर्मा को 15 गेंदों में 27 रन पर आउट किया। इससे पहले तिलक वर्मा और संजू सैमसन के बीच 42 रन की अहम साझेदारी हुई। मैच रोमांचक होता गया और 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या 17 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे भारत को पांचवां झटका लगा। उस समय भारत को 10 गेंदों में 17 रन चाहिए थे। आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन की जरूरत थी, जहां संजू सैमसन ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर बराबर कर दिया और अगली गेंद पर चौका जड़कर टीम को शानदार जीत दिला दी। भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। संजू सैमसन 50 गेंदों में 97 रन पर नाबाद गए।
वेस्टइंडीज की शानदार शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई वेस्टइंडीज की टीम ने शानदार शुरुआत की। टीम ने पहले 6 ओवर में बिना कोई विकेट गिराएं 45 रन बना ली थी। टीम का पहला विकेट 9वें ओवर में 68 रन के स्कोर पर गिरा। वरुण चक्रवर्ती ने शाई होप को 33 गेंदों में 32 रन पर आउट किया। इससे पहले शाई होप और रोस्टन चेस ने पहले विकेट के लिए 68 रन की अच्छी साझेदारी की थी। इसके बाद 12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मैच का रुख बदलते हुए लगातार दो विकेट झटके। उन्होंने शिमरोन हेटमायर को 12 गेंदों में 27 रन और रोस्टन चेस को 25 गेंदों में 40 रन पर पवेलियन भेज दिया। दोनों के बीच बीच 16 गेंदों में 34 रन की तेजी साझेदारी हुई थी। 12 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 103 रन रहा।
आखिरी 5 ओवर में जोड़े 70 रन
वहीं 15वें ओवर में 119 रन के स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने शेरफेन रदरफोर्ड को 14 रन पर आउट कर टीम को चौथा झटका दिया। इसके बाद रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। दोनों ने आखिरी ओवरों में आक्रामक खेल दिखाया और अंतिम 5 ओवर में बिना विकेट गंवाए 70 रन जोड़ दिए। जसप्रीत बुमराह के आखिरी ओवर में 14 रन बने। पॉवेल 19 गेंदों में 34 रन और होल्डर 22 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच 35 गेंदों में 76 रन की अहम साझेदारी हुई। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए और भारत के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा।