IND vs WI Pitch Report: शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेलने उतरेगी। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। इस मुकाबले में फैंस की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली रहेगी। भारतीय टीम इस मुकबाले को जीतकर सीरीज की शुरुआत करना चाहेगी। वेस्टइंडीज टीम की कमान शाई होप संभाल रहे हैं। भारतीय टीम 2027 के ICC वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी को आगे बढ़ाने के लिए अपनी रणनीति पर काम करेगी।
भारत की बल्लेबाजी में रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव की अहम भूमिका रहेगी। कप्तान शुभमन गिल भी इस सीरीज में बड़ी पारी खेलकर रन बनाने की कोशिश करेंगे, जबकि केएल राहुल से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच में नीतीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन पर भी सबकी नजर रहेगी। चोट से वापसी के बाद उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया था। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा अच्छी फॉर्म में हैं और मोहम्मद सिराज की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी। स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव टीम के प्रमुख विकल्प होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली की वापसी के बाद शुभमन गिल फिर से टॉप ऑर्डर में आ गए थे और यशस्वी जायसवाल को बाहर बैठना पड़ा था। अब जायसवाल की टीम में वापसी हो गई है। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में विराट कोहली की गैरमौजूदगी में यशस्वी जायसवाल को खेलने का मौका मिला था, जिसके चलते शुभमन गिल को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी पड़ी थी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने ये फैसला है कि रोहित शर्मा के साथ जायसवाल को ओपनिंग कराई जाए या रोहित और गिल की जोड़ी को ही जारी रखा जाए।
कैसी होगी तिरुवनंतपुरम की पिच
तिरुवनंतपुरम की पिच पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा रहा है और उसने यहां खेले दोनों मैच जीते हैं। इस मैदान पर वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ भारत ने बड़ी जीत दर्ज की थी। पिच पर शुरुआत में नई गेंद से बल्लेबाजों को रन बनाने में मदद मिल सकती है, लेकिन गेंद पुरानी होने के बाद स्पिनरों को फायदा मिलने की संभावना है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है।
कहां पर खेला जाएगा भारत-वेस्टइंडीज का मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर, रविवार को खेला जाएगा। यह मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे से होगी और टॉस दोपहर 1:30 पर होगा।
कहां पर देखें लाइव मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले वनडे का सीधा प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर किया जाएगा। वहीं जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, वे JioHotstar ऐप और वेबसाइट के जरिए मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
बारिश डालेगी मुकाबले में खलल?
तिरुवनंतपुरम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले पहले वनडे के दौरान मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। मैच से पहले कुछ बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन टॉस के समय मौसम साफ रहने और धूप निकलने की उम्मीद है। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मैच के दौरान भी गर्मी और उमस खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है।
भारत-वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग 11
भारत की संभावित XI: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, केएल राहुल (विकेट कीपर), रुतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा
वेस्टइंडीज की संभावित XI: जॉन कैंपबेल, शाई होप (कप्तान और विकेट कीपर), कीसी कार्टी, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेस, जस्टिन ग्रीव्स, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स, शमर जोसेफ