वेस्टइंडीज की टीम इस समय भारत दौरे पर है। इस दौरे पर वेस्टइंडीज की टीम भारत से 3 वनडे और 5 टी20 मुकाबले खेलेगी। वहीं इस सीरीज के शुरू होने से पहले वेस्टइंडीज को लेकर बड़ी खबर आ रही है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने इन दिनों आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। बोर्ड ने पैसों की कमी की वजह से खिलाड़ियों की सैलरी में कटौती करने का फैसला किया है। बोर्ड ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले खिलाड़ियों की सैलरी में 25 फीसदी कमी की है। वहीं घरेलू खिलाड़ियों का कॉन्ट्रैक्ट अब 12 महीने की जगह सिर्फ 7 महीने का होगा। लेकिन, इंटरनेशनल खिलाड़ियों को पहले की तरह 12 महीने का कॉन्ट्रैक्ट मिलता रहेगा।
CWI के चीफ एग्जीक्यूटिव क्रिस डेहरिंग ने कहा कि, बोर्ड वेस्टइंडीज प्लेयर्स एसोसिएशन और उन खिलाड़ियों के सहयोग की सराहना करता है, जिन्होंने मौजूदा हालात को समझा है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भले ही आदर्श नहीं है, लेकिन आर्थिक स्थिरता की ओर बढ़ने के लिए यह जरूरी कदम है। घरेलू टूर्नामेंट कराने में आने वाले यात्रा और खिलाड़ियों के रहने के खर्च से क्रिकेट वेस्टइंडीज पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। बोर्ड को ICC से 16 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 153 करोड़ रुपये का लोन भी मंजूर हुआ है। इस रकम का इस्तेमाल शुरू करने के लिए वेस्टइंडीज को इस महीने कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी।
डेहरिंग ने कहा कि, 'क्रिकेट वेस्टइंडीज ने पिछले 15 सालों में घरेलू एयरलाइंस पर 8 करोड़ अमेरिकी डॉलर से ज्यादा खर्च किए हैं, लेकिन इसके बदले इन कंपनियों से बोर्ड को कोई स्पॉन्सरशिप नहीं मिली।' उन्होंने कहा कि, 'बोर्ड को लंबे समय से चले आ रहे इस खर्च के बोझ और उससे हुए बड़े आर्थिक नुकसान के कारण पैदा हुई तुरंत पैसों की कमी से भी निपटना पड़ रहा है।'
इन टूर्नामेंट को रोकने का किया फैसला
खर्च कम करने के लिए क्रिकेट वेस्टइंडीज ने इस साल पुरुषों के सुपर50 टूर्नामेंट और महिलाओं के T20 ब्लेज टूर्नामेंट को रोकने का फैसला किया है। बोर्ड के मुताबिक, ये फैसला आर्थिक स्थिति के साथ-साथ खिलाड़ियों के विकास और प्रतियोगिताओं से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए लिया गया है। रद्द किए गए घरेलू टूर्नामेंटों की जगह क्रिकेट वेस्टइंडीज ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए पुरुष और महिला टीमों के क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट कराने का फैसला किया है। लेकिन, वेस्टइंडीज की टीम ओलंपिक में एक संयुक्त क्षेत्रीय टीम के तौर पर हिस्सा नहीं ले सकती। इसकी वजह यह है कि IOC अलग-अलग संप्रभु देशों की मान्यता प्राप्त नेशनल ओलंपिक कमेटियों को ही ओलंपिक में खेलने की अनुमति देता है।
टी20 लीग से मिलती है बेहतर कमाई
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। कम सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सैलरी के कारण खिलाड़ियों को दुनियाभर की टी20 लीग से मिलने वाली बेहतर कमाई के ऑप्शन मिलते हैं। इसका असर राष्ट्रीय टीम और बोर्ड की स्पॉन्सरशिप पर भी पड़ रहा है। ऐसे हालात में आगे और खिलाड़ी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट ठुकरा सकते हैं, जिससे क्रिकेट वेस्टइंडीज की आर्थिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कब खेला जाएगा वनडे और टी20 मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर को गुवाहाटी और 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में वनडे मुकाबले होंगे। वहीं टी20 सीरीज की शुरुआत 6 अक्टूबर को लखनऊ से होगी। इसके बाद दोनों टीमें 9 अक्टूबर को रांची, 11 अक्टूबर को इंदौर, 14 अक्टूबर को हैदराबाद और 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में टी20 मैच खेलेंगी। वनडे सीरीज में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल संभालेंगे, वहीं टी20 सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम दोनों फॉर्मेट में शाई होप की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी।