IND W vs AUS W: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल से पहले बड़ी खबर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से दो दिन पहले अपना फिटनेस टेस्ट पूरा करने के साथ जमकर प्रैक्टिस की है। दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में खेला जाएगा। इस मैच में विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली के खेलने की पूरी उम्मीद है। बता दें ट्रेनिंग के दौरान हीली के पिंडली में चोट लग गई थी। चोट की वजह से वह इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लीग मैच नहीं खेल सकीं। उस समय ताहलिया मैकग्रा ने टीम की कप्तानी की थी।
एलिसा हीली पूरे वर्ल्ड कप में बेहतरीन फॉर्म में रही हैं। उन्होंने भारत और बांग्लादेश के खिलाफ लगातार शतक जड़े, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया सभी लीग मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर रहा।
एलिसा हीली ने किया प्रैक्टिस
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मंगलवार को हीली की चोट पर अपडेट देते हुए कहा, “ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने मंगलवार, 28 अक्टूबर को भारत के खिलाफ आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 सेमीफाइनल मैच से दो दिन पहले कड़ी ट्रेनिंग की है।” आईसीसी ने आगे कहा, “मुंबई में हीली ने अपनी अच्छी रिकवरी के पॉजिटिव संकेत दिखाए। उन्होंने सेशन की शुरुआत में फिटनेस टेस्ट पास किया, इसके बाद विकेटकीपिंग ड्रिल में हिस्सा लिया और फिर पूरा नेट सेशन किया। सेशन के दूसरे हिस्से में उन्हें नेट बॉलर्स के खिलाफ बड़े शॉट खेलते हुए भी देखा गया।”
ऑस्ट्रेलिया की हेड कोच शेली निट्स्के ने इंदौर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले कहा था कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि हीली सेमीफाइनल से पहले फिट हो जाएंगी। दक्षिण अफ्रीका पर ऑस्ट्रेलिया की सात विकेट से जीत के बाद निट्स्के ने कहा था, “हम सेमीफाइनल के लिए बहुत उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उससे पहले अभी कुछ दिन बाकी हैं। जैसे-जैसे हम उस मुकाबले के करीब पहुंचेंगे, उनका असेसमेंट जारी रहेगा।”
मैच में ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन
आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक खेले गए 7 में से 6 मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं, भारतीय टीम ने 7 में से 3 मैच जीते और 3 में हार का सामना किया है। अब सबकी निगाहें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले इस रोमांचक सेमीफाइनल पर टिकी हैं।