Women's World Cup Prize Money: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा। सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को 125 रन से हराकर पहली बार विश्व कप फाइनल टिकट हासिल किया। वहीं भारत की टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। दोनों ही टीमों को अपने पहले खिताब की तलाश में मैदान पर उतरेंगी। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। फाइनल मुकाबला जीतने वाली टीम को ट्रॉफी के साथ-साथ टीम को भारी प्राइज मनी भी दी जाएगी। आइए जानते हैं किसे मिलेगा किनती प्राइज मनी
महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को लगभग 40 करोड़ रुपये की कुल प्राइज मनी मिलेगी, जबकि फाइनल में हारने वाली टीम यानी रनर-अप को करीब 20 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
किस टीम को मिलेगा कितनी प्राइज मनी
2025 आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप ने प्राइज मनी के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है। टूर्नामेंट की विजेता टीम को लगभग 40 करोड़ रुपये और उपविजेता को 20 करोड़ रुपये मिलेंगे। ये रकम पिछले वर्ल्ड कप की तुलना में काफी ज्यादा है, बता दें 2022 में विजेता टीम को करीब 11 करोड़ रुपये और रनर-अप को लगभग 5 करोड़ रुपये ही मिले थे। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमों को 9.3 करोड़ रुपये मिलेंगे, जो पिछले विश्व कप में दिए गए 2.5 करोड़ रुपये से काफी ज्यादा है।
विश्व कप की कुल प्राइज मनी
2025 महिला विश्व कप के लिए कुल पुरस्कार राशि 116 करोड़ रुपये रखी गई है, जो 2022 में न्यूजीलैंड में हुए टूर्नामेंट की 29 करोड़ रुपये की राशि से करीब तीन गुना ज्यादा है। इस बार का विश्व कप इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार ICC ने पुरुष और महिला वर्ल्ड कप की प्राइज मनी समान कर दी है, जिससे 'जेंडर इक्वैलिटी' की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गौर करने वाली बात यह भी है कि यह पुरस्कार राशि 2023 पुरुष विश्व कप से भी ज्यादा है, जिसमें कुल 84 करोड़ रुपये की प्राइज मनी थी।