IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप से पहले इस दिन भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, युवा खिलाड़ियों पर रहेगी सबकी नजर

भारतीय अंडर-19 बनाम पाकिस्तान अंडर-19 मैच रविवार, 1 फरवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा, दोनों टीमें एशिया कप के फाइनल में आखिरी बार आमने सामने हुई थी, जिसमें पाकिस्तान ने बाजी मारी थी। ICC अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमें 10 बार आमने-सामने आई हैं

अपडेटेड Jan 30, 2026 पर 11:00 PM
Story continues below Advertisement
भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर मुकाबला होगा

भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर मुकाबला होगा, इसकी तैयारी पूरी हो गई है। इस बार दोनों देशों के युवा खिलाड़ी एक दूसरे को चुनौती देते हुए दिखाई देंगे। बता दें कि जब भी भारत और पाकिस्तान क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने होते हैं, तो मुकाबला बेहद रोमांचक हो जाता है। रविवार को होने वाला ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप का सुपर सिक्स मैच भी कुछ ऐसा ही रहने वाला है। हालांकि, सीनियर क्रिकेट से अलग अंडर-19 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले अब तक बराबरी के रहे हैं।

भारतीय अंडर-19 बनाम पाकिस्तान अंडर-19 मैच रविवार, 1 फरवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा, दोनों टीमें एशिया कप के फाइनल में आखिरी बार आमने सामने हुई थी, जिसमें पाकिस्तान ने बाजी मारी थी।

दोनों टीमों का कैसा रहा है रिकॉर्ड


ICC अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमें 10 बार आमने-सामने आई हैं। इन 10 मैचों में भारत और पाकिस्तान ने 5-5 मैच जीते हैं। लेकिन हाल के वर्षों में तस्वीर बदल गई है। पिछले छह मुकाबलों में भारत ने पांच मैच जीतकर बढ़त बना ली है। शुरुआती दौर में पाकिस्तान का दबदबा ज्यादा था। उसने 1988, 2002, 2004, 2006 और 2010 में अहम मुकाबलों में भारत को हराया था, जिनमें कई मैच काफी करीबी रहे। लेकिन 2012 के बाद से भारत का प्रदर्शन ज्यादा स्थिर और मजबूत रहा है। भारत की हाल की जीतें खास तौर पर यादगार रही हैं। साल 2018 में भारत ने 203 रनों से बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि 2020 में भारत ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हराया था।

सेमीफाइनल में पहुंचने का क्या है समीकरण

भारत इस समय अच्छी स्थिति में है। इंग्लैंड के खिलाफ अहम जीत के बाद भारत सेमी-फाइनल की दौड़ में आगे चल रहा है। अगर भारत अपने बाकी बचे मैच जीत लेता है, तो उसकी सेमी-फाइनल में जगह पक्की हो जाएगी। वहीं, अगर एक मैच में मामूली हार भी होती है, तब भी भारत के पास मौका बना रह सकता है, लेकिन यह दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर करेगा।

दूसरी ओर, पाकिस्तान फिलहाल थोड़ा पीछे है, लेकिन अभी भी दौड़ से बाहर नहीं हुआ है। पाकिस्तान को भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी होगा। इसके साथ ही उसे इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाले मैच के नतीजे पर भी नजर रखनी होगी। अगर अंत में टीमें बराबर अंक पर रहती हैं, तो फिर नेट रन रेट से यह तय होगा कि सेमी-फाइनल में कौन पहुंचता है।

भारतीय कप्तान ने कही ये बात

मैच से पहले भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे ने कहा कि टीम इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी सिर्फ अपना खेल खेलने पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि विरोधी टीम के बारे में ज़्यादा सोचने के बजाय टीम अपने खेल पर भरोसा रखेगी और उसी के मुताबिक मैदान पर उतरेगी। वहीं, पाकिस्तान के खिलाड़ी समीर मिन्हास ने भी कहा कि भारत के खिलाफ होने वाले अगले मैच के लिए टीम का हौसला ऊंचा है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी भारत पर ज़्यादा ध्यान नहीं देंगे, बल्कि अपने स्वाभाविक खेल को अच्छे जज़्बे के साथ खेलना चाहते हैं। समीर ने यह भी कहा कि यह मुकाबला बड़ा है और ऐसे मैचों का मज़ा दर्शक खूब लेते हैं। लेकिन उन्होंने टीम को साफ निर्देश दिया है कि सिर्फ खेल पर ध्यान रखें और मैदान पर अपना 100 प्रतिशत दें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।