भारत ने अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 और साउथ अफ्रीका दौरे के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। वर्ल्ड कप 15 जनवरी से 6 फरवरी 2026 के बीच जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। इससे पहले टीम भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेनी है। वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे करेंगे, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी विहान मल्होत्रा को दी गई है। वहीं साउथ अफ्रीका दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि उपकप्तान एरॉन जॉर्ज को बनाया गया है।
भारत का साउथ अफ्रीका दौरा
भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम का साउथ अफ्रीका दौरा 2026 में तीन मैचों की वनडे सीरीज के रूप में खेला जाएगा। सीरीज का पहला वनडे मैच 3 जनवरी (शनिवार) को होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 5 जनवरी (सोमवार) और तीसरा व आखिरी वनडे 7 जनवरी (बुधवार) को खेला जाएगा। तीनों मैच विलोमूर पार्क में आयोजित होंगे।
साउथ अफ्रीका दौरे पर सूर्यवंशी होंगे कप्तान
साउथ अफ्रीका दौरे पर वैभव सूर्यवंशी टीम की कप्तानी करेंगे, क्योंकि आयुष म्हात्रे कलाई की चोट के कारण साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर हो गए हैं। 14 साल के सूर्यवंशी जो टीम के उपकप्तान हैं उनको इस सीरीज की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं विहान मल्होत्रा भी कलाई की चोट के चलते इस दौरे में नहीं खेल पाएंगे। म्हात्रे और मल्होत्रा इलाज और रिकवरी के लिए BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे। जिसके बाद उनके ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम में लौटने की उम्मीद है। वर्ल्ड कप के दौरान आयुष म्हात्रे एक बार फिर टीम की कप्तानी संभालेंगे।
16 टीमें ले रहीं है हिस्सा
ICC मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा जाएगा। ग्रुप स्टेज के बाद सुपर सिक्स, फिर सेमीफाइनल खेले जाएंगे और इसके बाद फाइनल मुकाबला हरारे में होगा। पांच बार की चैंपियन भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम (2000, 2008, 2012, 2018 और 2022) को आने वाले टूर्नामेंट में ग्रुप B में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड अंडर-19 क्रिकेट टीम, USA अंडर-19 क्रिकेट टीम और बांग्लादेश अंडर-19 क्रिकेट टीम से होगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में USA के खिलाफ करेगा। इसके बाद 17 जनवरी को उसी मैदान पर बांग्लादेश से भिड़ंत होगी, जबकि 24 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप का आखिरी मैच खेला जाएगा।
साउथ अफ्रीका टूर के लिए इंडिया की टीम: वैभव सूर्यवंशी (C), एरॉन जॉर्ज (VC), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (wk), हरवंश सिंह (wk), R.S. अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन ए. पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन, युवराज गोहिल, राहुल कुमार
ICC मेन्स U19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंडिया U19 टीम: आयुष म्हात्रे (C), विहान मल्होत्रा (VC), वैभव सूर्यवंशी, एरॉन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (wk), हरवंश सिंह (wk), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन ए. पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन।