IND vs AFG: भारत का अफगानिस्तान पर 3-0 से क्लीन स्वीप, शुभमन गिल की कप्तानी में जीती पहली वनडे सीरीज

IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे वनडे में 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। चेन्नई में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम 218 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत सिर्फ 28.4 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ शुभमन गिल ने बतौर कप्तान अपनी पहली वनडे सीरीज जीत दर्ज की

अपडेटेड Jun 20, 2026 पर 9:33 PM
219 रन के आसान टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज को भारत ने अपने नाम किया है। टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। बतौर कप्तान शुभमन गिल ने पहली बार किसी वनडे सीरीज में जीत हासिल की है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 218 रन पर सिमट गई।

219 रन के आसान टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 28.4 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 224 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। अफगानिस्तान के लिए हश्मतुल्लाह शाहिदी ने 102 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन उनकी यह कोशिश टीम को हार से नहीं बचा सकी। भारत की जीत की नींव यशस्वी जायसवाल के दूसरे वनडे शतक और रोहित शर्मा के साथ उनकी शानदार ओपनिंग साझेदारी ने रखी।

भारत की शानदार बल्लेबाजी


टारगेट का पीछा करने आई भारत की टीम को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित ने शुरुआत में थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन जल्द ही अपने पुराने अंदाज में नजर आए और बेहतरीन शॉट्स लगाए। उन्होंने राशिद खान की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर अपना आत्मविश्वास दिखाया। वहीं, जायसवाल ने पहले ही ओवर से आक्रामक रुख अपनाया और अजमतुल्लाह उमरजई के ओवर में लगातार चौके लगाकर विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया। उस ओवर में मिले पेनल्टी रन के साथ भारत ने तेजी से स्कोर आगे बढ़ाया और मजबूत शुरुआत हासिल की। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 22.5 ओवर में 170 रन की शानदार पार्टनरशिप की।

भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन

इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी सटीक गेंदों के सामने अफगान टीम ने महज 36 रन के भीतर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। मुश्किल हालात में कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने जिम्मेदारी संभाली और धैर्य के साथ शानदार शतक लगाया। उन्होंने 131 गेंदों में 102 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला और अफगानिस्तान को 218 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।