IND vs NZ Highlights: 14 गेंदों में पचासा...अभिषेक शर्मा ने ऐसे उड़ाई कीवी गेंदबाजों की धज्जियां, लगाया भारत के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी

IND vs NZ Highlights: गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच में अभिषेक ने सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टी20I में भारत की ओर से दूसरी सबसे तेज फिफ्टी लगाई है। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली

अपडेटेड Jan 25, 2026 पर 11:08 PM
Story continues below Advertisement
इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली

IND vs NZ Highlights: अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव की शानदार फिफ्टी की बदौलत भारत ने रविवार को तीसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। इस मैच में भारत ने कई रिकार्ड अपने नाम किया है। दुनिया के नंबर-1 टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रविवार को भारत के लिए शानदार रिकॉर्ड बनाया। दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया। मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी और भारत को 154 रन का टारगेट मिला।

इसके जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 10 ओवर में 3 विकेट खोकर 155 रन बना लिए और मैच 8 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 की बढ़त बना ली और सीरीज अपने नाम कर ली।

अभिषेक ने लगाई दूसरी सबसे तेज फिफ्टी


गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच में अभिषेक ने सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टी20I में भारत की ओर से दूसरी सबसे तेज फिफ्टी लगा दी। अभिषेक ने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर जैकब डफी को छक्का मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया। टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है। उन्होंने 19 सितंबर 2007 को डरबन में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में 50 रन पूरे किए थे। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हार्दिक पांड्या हैं, जिन्होंने 19 दिसंबर 2025 को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।

प्लेइंग 11 में किया ये बदलाव

इस मैच में भारत ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती को आराम दिया गया, जबकि जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया। बुमराह ने 17 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि बिश्नोई और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट झटके और हर्षित राणा को 1 सफलता मिली। वहीं मैट हेनरी और ईश सोढ़ी ने 1-1 विकेट चटकाए।

गुवाहाटी में हुई चौके-छक्के की बारिश

टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में ही झटका लगा और संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने 19 गेंदों में 53 रन की तेज साझेदारी कर पारी को रफ्तार दी, हालांकि चौथे ओवर में किशन 28 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 14 गेंदों में तूफानी फिफ्टी ठोक दी, जो भारत की दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। पावरप्ले के आखिरी ओवर में जैकब डफी की बल्लेबाजों ने जमकर कुटाई की, 6वें ओवर में कुल 22 रन बने। पूरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर पूरे समय दबाव बनाए रखा।

अभिषेक-सूर्या के बीच तूफानी साझेदारी

अभिषेक और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच 102 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी हुई, जिससे मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में चला गया। दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और गुवाहाटी में चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। भारत को जीत के लिए सिर्फ 11 ओवर में 15 रन चाहिए थे और 10वें ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी करते हुए अगली बॉल पर चौका मारकर टीम को जीत दिलाई। अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में 5 छक्के और 7 चौकों की मदद से 68 रन बनाए, जबकि सूर्यकुमार यादव 26 गेंदों में 57 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम ने 10 ओवर में 3 विकेट खोकर 155 रन बनाते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल किया और न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हरा दिया।

न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और दो ओवर के भीतर ही टीम ने दो अहम विकेट गंवा दिए। डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र जल्दी आउट हो गए, जिससे स्कोर 17 रन पर 2 विकेट हो गया। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका और छठे ओवर में टिम सीफर्ट 12 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। मार्क चैपमैन और ग्लेन फिलिप्स ने 52 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 14वें ओवर में रवि बिश्नोई की गेंद पर चैपमैन 32 रन बनाकर आउट हो गए। 15वें ओवर में डेरिल मिचेल (14 रन) भी पवेलियन लौटे।

न्यूजीलैंड को लगातार लगे झटके

इस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 112 रन था। 16वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स 48 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे न्यूजीलैंड की पारी दबाव में आ गई। मैच के आखिरी ओवरों में जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड की पारी पूरी तरह तोड़ दी। 18वें ओवर में बुमराह ने काइल जैमीसन को क्लीन बोल्ड किया, जबकि इसी ओवर में मैट हेनरी रन आउट हो गए। इसके बाद 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर मिचेल सेंटनर 27 रन पर बुमराह का शिकार बने। न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी और भारत को जीत के लिए 154 रन का टारगेट मिला।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।