IND vs AFG: मुल्लांपुर में भारत की धमाकेदार जीत, अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से हराया

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने तीसरे दिन पारी और 300 रनों से अफगानिस्तान को हराया है

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 3:46 PM
IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को 300 रनों से मात दी है

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने तीसरे दिन पारी और 300 रनों से अफगानिस्तान को हराया है। मैच की शुरुआत में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। मुकाबले में भारतीय टीम ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 564 रन का विशाल स्कोर बनाकर पारी घोषित की।

जवाब में अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में केवल 152 रन ही बना सकी, जिसके कारण उसे फॉलो-ऑन का सामना करना पड़ा। भारत को पहली पारी के आधार पर 412 रन की मजबूत बढ़त मिली। दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके और पूरी टीम 112 रन पर सिमट गई। मुकाबले में मानव सुथार ने अपने डेब्यू मैच में 6 विकेट चटकाए।

अफगानिस्तान की पारी


मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान की पहली पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और टीम लंच से पहले ही 152 रन पर सिमट गई। भारत ने अपनी पहली पारी में 564 रन बनाकर मजबूत स्थिति हासिल की थी। भारत को 412 रन की बड़ी बढ़त मिली, जिसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान को फॉलो-ऑन खेलने के लिए मैदान पर दोबारा उतार दिया।

अफगानिस्तान ने दूसरी पारी की शुरुआत संभलकर की और ओपनर सेदिकुल्लाह अटल तथा अब्दुल मलिक ने पहले विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। लेकिन मोहम्मद सिराज ने अब्दुल मलिक को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई, जिसके बाद अफगानिस्तान की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट झटके। सुंदर ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने अफगानिस्तान की पूरी टीम 35.5 ओवर में 112 रन पर सिमट गई।

भारत की शानदार बल्लेबाजी

भारत की पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने शानदार शतक जमाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शुभमन ने 126 रन बनाए, जबकि राहुल ने 100 रन की बेहतरीन पारी खेली। इनके अलावा साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रन का योगदान दिया, वहीं वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद लौटे। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सफी सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 6 विकेट अपने नाम किए।

तोड़ा अपना ये रिकॉर्ड

इस जीत के साथ भारत ने टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया। टीम ने 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक पारी और 272 रन से मिली जीत के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। पूरे मैच में भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला और अफगानिस्तान कहीं भी मुकाबले में नजर नहीं आया। यह नजारा दोनों टीमों के बीच 2018 में खेले गए पहले टेस्ट मैच जैसा ही रहा। उस मुकाबले में भी भारत ने बेंगलुरु में अफगानिस्तान को पारी के अंतर से हराया था और मैच सिर्फ दो दिन में खत्म हो गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।