IND vs NZ: न्यूजीलैंड के 7 साल के दबदबे पर भारत ने लगाया ब्रेक, लगातार 11 वनडे सीरीज जीतने का सिलसिला भी टूटा

IND VS NZ: भारत ने पांचवें और आखिरी वनडे में न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से जीत ली। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को उसके ही घर में मात देकर पिछले सात साल से चला आ रहा उसका दबदबा खत्म कर दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की घरेलू मैदान पर लगातार 11 वनडे सीरीज जीतने का सिलसिला भी टूट गया

अपडेटेड Nov 15, 2026 पर 5:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हेड कोच गौतम गंभीर के लिए ये जीत खास है (Photo: BCCI)

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैड के बीच पांचवां और आखिरी मुकाबला आज माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला गया। इस मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 22 विकेट से हराकर सीरीज पर 3-1 से कब्जा किया है। सीरीज का तीसरा मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। वहीं इस जीत के साथ भारत ने न्यूजीलैंड के घरेलू मैदान पर वनडे सीरीज जीतने का सात साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूजीलैंड ने इस सीरीज से पहले अपने घर में लगातार 11 वनडे सीरीज जीती थीं। खास बात ये है कि न्यूजीलैंड को अपने घरेलू मैदान पर आखिरी बार 2019 में भारत के खिलाफ ही वनडे सीरीज में हार मिली थी।

कोच गौतम के लिए भी खास है ये जीत

हेड कोच गौतम गंभीर के लिए ये जीत खास है। भारतीय टीम का कोच बनने के बाद उन्होंने पहली बार विदेशी जमीन पर वनडे सीरीज जीती है। इस मैच में न्यूजीलैंड के पास जीतने का अच्छा मौका था। उसके गेंदबाजों ने भारतीय टीम को 42.1 ओवर में 209 रन पर ऑलआउट कर दिया था। लेकिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाज इस लक्ष्य को पूरा नहीं कर सके। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए और न्यूजीलैंड की टीम को 187 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। इस मैच में सीरीज का पहला मुकाबला खेल रहे मोहम्मद सिराज ने भी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में 2 विकेट अपने नाम किए।


बल्लेबाजों का फ्लॉप शो

इस मैच में भी भारतीय बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। पिछले मुकाबले में बिना खाता खोले आउट हुए रोहित शर्मा और विराट कोहली इस बार भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन बनाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा योगदान दिया। वहीं, इस जीत के साथ भारत ने 2024 में न्यूजीलैंड से मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। उस समय न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में हराकर उसका 12 साल से चला आ रहा जीत का सिलसिला तोड़ दिया था। अब भारत ने वनडे सीरीज जीतकर न्यूजीलैंड को उसी के घर में मात दी है।

कैसा था भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया की पूरी पारी 42.1 ओवर्स में 209 के स्कोर पर ही सिमट गई। वहीं टारगेट का पीछा करने आई न्यूजीलैंड की टीम 48.1 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से मात दी है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।