CSK में नए कोच की तलाश के बीच धोनी के पोजिशन पर क्यों उठे सवाल! टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने अब छेड़ा नया राग

CSK और स्टीफन फ्लेमिंग का लंबे समय से चला आ रहा साथ अब खत्म हो गया है। वहीं स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद सीएसके को नए हेड कोच की तलाश है। वहीं इस पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज क्रिस श्रीकांत ने कहा कि, सीएसके में धोनी की भूमिका पहले तय होने के बाद ही कोच को लेकर आगे का फैसला करना चाहिए

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 3:08 PM
आने वाले समय में CSK में एमएस धोनी की क्या भूमिका होगी इस पर ध्यान देना होगा

आईपीएल की 5 बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जल्द ही अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव कर सकती है। स्टीफन फ्लेमिंग के 18 सीजन बाद टीम से अलग होने के बाद फ्रेंचाइजी को अब नए कोच की तलाश है। वहीं सीएसके की कोचिंग के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज और सेलेक्टर्स क्रिस श्रीकांत ने सीएसके के कोच को लेकर अपनी पसंद बताई है। श्रीकांत ने कहा कि, पूर्व इंग्लैंड कप्तान इयोन मोर्गन और इंग्लैंड के मौजूदा व्हाइट-बॉल कोच ब्रेंडन मैकुलम की जगह CSK को अपने मौजूदा बल्लेबाजी कोच माइकल हसी पर भरोसा करना चाहिए।

उन्होंने हसी को टीम के लिए ज्यादा बेहतर ऑप्शन बताया है। इसके साथ ही श्रीकांत ने कहा कि, सीएसके में धोनी की भूमिका तय होने के बाद ही कोच को लेकर आगे का फैसला करना आसान होगा।

फ्लेमिंग के कार्यकाल में जीती 5 ट्रॉफी


चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और स्टीफन फ्लेमिंग का लंबे समय से चला आ रहा साथ अब खत्म हो गया है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान फ्लेमिंग ने करीब 18 साल तक टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। इस दौरान CSK को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी कोचिंग में टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और आईपीएल की सबसे सफल टीमों में अपनी जगह बनाई।

कमेंट्री ही करनी चाहिए

इयोन मॉर्गन का नाम स्टीफन फ्लेमिंग के संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर सामने आ रहा है। इस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत ने अपनी राय रखते हुए कहा कि, वह मॉर्गन को CSK के नए कोच के रूप में नहीं चुनेंगे। अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने कहा कि, "मॉर्गन इंग्लैंड के लिए शानदार खिलाड़ी और कप्तान रहे हैं, लेकिन कोच के तौर पर वह उन्हें ऑप्शन नहीं मानते। उन्होंने ये भी कहा कि KKR के कप्तान के रूप में भी मॉर्गन का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। मॉर्गन के लिए कमेंट्री करना ही बेहतर रहेगा।"

धोनी की भूमिका अहम

क्रिस श्रीकांत ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह माइकल हसी को चेन्नई सुपर किंग्स का अगला कोच बनाए जाने का समर्थन किया है। लेकिन, श्रीकांत ने ये भी कहा कि नए कोच को लेकर फैसला करने में एमएस धोनी की भूमिका अहम हो सकती है। श्रीकांत ने कहा कि, "CSK को नए कोच के लिए बाहर से किसी व्यक्ति को लाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि टीम के पास पहले से ही माइकल हसी जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं।"

उन्होंने कहा कि, "हसी को ही टीम का मुख्य कोच बनाया जाना चाहिए और वह इस भूमिका के लिए सबसे बेहतर विकल्प हैं। हालांकि, श्रीकांत ने यह भी कहा कि CSK को सबसे पहले यह तय करना होगा कि आने वाले समय में एमएस धोनी की टीम में क्या भूमिका होगी। उनके मुताबिक, धोनी की भूमिका तय होने के बाद ही कोच को लेकर आगे का फैसला करना आसान होगा।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।