IND vs NZ Highlights: टीम इंडिया के तूफान में ऐसे पस्त हुई न्यूजीलैंड की टीम, अहमदाबाद में चैंपियन बना भारत

IND vs NZ Highlights: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप की अपनी तीसरी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। फाइनल मैच में 'मैन ऑफ द मैच' का अवॉर्ड जसप्रीत बुमराह और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड संजू सैमसन को मिला है

अपडेटेड Mar 08, 2026 पर 11:38 PM
Story continues below Advertisement
IND vs NZ Highlights: भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का तीसरा खिताब जीता है

IND vs NZ Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से मात दी है। मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला उनके लिए सही साबित नहीं हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। 256 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत ने ये मैच 96 रन से जीतकर टी20 वर्ल्ड कप की अपनी तीसरी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। फाइनल मैच में 'मैन ऑफ द मैच' का अवॉर्ड जसप्रीत बुमराह और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड संजू सैमसन को मिला है

भारत ने बनाए ये इतिहास


इस जीत के साथ भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गई है। साथ ही भारत पहली ऐसी टीम भी बन गई है जिसने लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता और अपने ही देश में वर्ल्ड कप जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया। इससे पहले भारत ने 2007 ,2024 और 2026 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम का पहली बार ट्रॉफी जीतने का सपना फिर से अधूरा रह गया। टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का यह दूसरा फाइनल था, लेकिन इस बार भी वह खिताब नहीं जीत सकी।

न्यूजीलैंड के गेंदबाज जेम्स नीशम ने 3 विकेट चटकाए हैं। मैट हेनरी और रचिन रवींद्र को 1-1 विकेट मिला है। भारत के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट चटकाए। वहीं अक्षर पटेल को तीन विकेट मिला। वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या को 1-1 विकेट मिला।

न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत

न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्दी विकेट गंवा दिए। तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन एलन को 9 रन और पांचवें ओवर में ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड कर दिया। वहीं चौथे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रचिन रवींद्र को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा, जिसका शानदार कैच ईशान किशन ने लिया। पावरप्ले के बाद न्यूजीलैंड 3 विकेट खोकर 52 रन बना ली थी। हालांकि इसके बाद टिम साइफर्ट ने 7वें ओवर में सिर्फ 23 गेंदों में अपना फिफ्टी लगाई। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर भारत के गेंदबाज लगातार दबाव बनाए रखा। 8वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने मार्क चैपमैन को 3 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया।

इसके बाद 9वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को 52 रन पर आउट कर न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। उस समय टीम को जीत के लिए अभी भी 186 रन की जरूरत थी। आगे 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल को 17 रन पर आउट कर न्यूजीलैंड को छठा झटका दिया। इससे पहले डेरिल मिचेल और मिचेल सेंटनर के बीच 28 गेंदों में 52 रन की साझेदारी हुई थी।

भारत ने न्यूजीलैंड को दी मात

16वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को लगातार दो झटके दिए। उन्होंने जेम्स नीशम को 8 रन और मैट हेनरी को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 4 ओवर में 113 रन की जरूरत थी। 18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मिचेल सेंटनर को 35 गेंदों में 43 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इस विकेट के बाद न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो गई। उस समय टीम को जीत के लिए अभी भी 103 रन चाहिए थे, जबकि भारतीय टीम जीत से सिर्फ एक विकेट दूर पहुंच चुकी थी। अभिषेक शर्मा ने 19वें ओवर में जैकब डफी 3 रन को आउट किया। जैकब डफी के आउट होने के बाद न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से मात दी है।

भारत की शानदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तेज शुरुआत दी। अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। पावरप्ले के बाद स्कोर बिना किसी विकेट के 92 रन था। वहीं 8वें ओवर में रचिन रवींद्र ने अभिषेक शर्मा को 21 गेंदों में 52 रन रन पर आउट किया। अभिषेक ने संजू सैमसन के साथ पहले विकेट के लिए 43 गेंदों में 98 रन की तेज साझेदारी की। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 127 रन हो गया। वहीं 11वें ओवर में संजू सैमसन ने 33 गेंदों में फिफ्टी और 15वें ओवर में ईशान किशन ने सिर्फ 23 गेंदों में फिफ्टी लगाई।

जेम्स नीशम ने एक ओवर में दिए तीन झटके

भारतीय टीम को दूसरा झटका 203 रन पर लगा। 16वें ओवर में जेम्स नीशम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार तीन विकेट लिए। उन्होंने संजू सैमसन को 48 गेंदों में 89 रन पर, ईशान किशन को 25 गेंदों में 54 रन पर और सूर्यकुमार यादव को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इससे पहले ईशान और संजू के बीच 43 गेंदों में 98 रन की मजबूत साझेदारी हुई थी। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या 18 रन पर आउट हुए। इसके बाद शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने तेजी से रन बनाए।

दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 8 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने मिलकर 10 गेंदों में 29 रन की तेज साझेदारी की। इस तरह भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।