IND U19 vs SL U19 Semifinal: अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होना है। इस मैच को जीतकर दोनों ही टीमें फाइनल में जगह पक्की करना चाहेगी। वहीं भारत और श्रीलंका के बीच पहला सेमीफाइनल मुकाबला दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेला जाना है, लेकिन गीली आउटफील्ड की वजह से अब तक खेल शुरू नहीं हो सका है। वहीं गीली आउटफील्ड की वजह से टॉस में देरी हुई है। अब तक भारत इस टूर्नामेंट शानदार प्रदर्शन करते हुए एक भी मैच नहीं गंवाया है। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले इलाके में तेज बारिश हुई थी और बाद में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली, हालांकि अब बारिश रुक चुकी है।
20 ओवर का मैच शुरू कराने के लिए कट-ऑफ टाइम भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे रखा गया है। अब अगर खेल शुरू होता है तो मैच 20-20 ओवर का हो सकता है। फैंस को 50 ओवर का खेल देखने को नहीं मिलेगा।
रद्द हुए मुकाबला तो कौन सी टीम फाइनल में
अगर बारिश के कारण आज मैच रद्द हो जाता है, तो ग्रुप में पहला स्थान हासिल करने के कारण भारत सीधे फाइनल में पहुंच जाएगा। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जाना है। अगर वह मुकाबला भी रद्द होता है, तो अपने ग्रुप में टॉप रहने की वजह से बांग्लादेश को फाइनल का टिकट मिल जाएगा।
टूर्नामेंट में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों में पूरे छह अंक हासिल कर ग्रुप-A में पहला स्थान पाया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली टीम ने यूएई को 234 रन, पाकिस्तान को 90 रन और मलेशिया को 315 रन के बड़े अंतर से हराया। वहीं श्रीलंका की टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत नेपाल और अफगानिस्तान के खिलाफ जीत से की थी, लेकिन इसके बाद उसे बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
वैभव-अभिज्ञान पर होगा नजर
भारत ने लीग स्टेज में यूएई, पाकिस्तान और मलेशिया को हराकर अपनी ताकत दिखाई है। भारतीय युवा बल्लेबाजों ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 171 रन की यादगार पारी खेली थी, जबकि अभिज्ञान कुंडू ने मलेशिया के खिलाफ 125 गेंदों पर नाबाद 209 रन ठोककर सभी को प्रभावित किया। सेमीफाइनल में भी टीम को अपने इन युवा बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।