IND vs ENG Live Streaming: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये फाइनल मुकाबला शुक्रवार, 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारत और इंग्लैड की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों ही टीमें बिना कोई मैच हारे फाइनल तक पहुंची हैं। दोनों टीमों के बीच काफी रोमांचक मुकाबला देखने की उम्मीद है।
भारतीय टीम छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बहुत करीब है, जबकि इंग्लैंड 28 साल बाद यह ट्रॉफी जीतकर अपने लंबे इंतजार को खत्म करने की कोशिश करेगा। आइए जानते हैं कब और कितने बजे खेला जाएगा अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला।
अफगानिस्तान को हरा कर भारत फाइनल में
भारत ने बुधवार, 4 फरवरी को सेमीफाइनल में अफगानिस्तान अंडर-19 क्रिकेट टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। मैच में टीम इंडिया ने 311 रनों का बड़ा लक्ष्य हासिल किया, जिसमें दाएं हाथ के बल्लेबाज एरॉन जॉर्ज की शानदार शतकीय पारी (115 रन) अहम रही। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 68 रन बनाए और कप्तान आयुष म्हात्रे ने 62 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया को हरा कर इंग्लैंड फाइनल में
बुलावायो में खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 क्रिकेट टीम को हराकर फाइनल में जगह बना ली। मैच में इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव ने शानदार शतक (110 रन) लगाया, जबकि गेंदबाजों में सेबेस्टियन मॉर्गन ने 2/33 और जेम्स मिंटो ने 2/30 की बेहतरीन गेंदबाजी की। इंग्लैंड अंडर-19 टीम ने यह मुकाबला 20 रन से जीता और अब फाइनल में उसका सामना भारत से होगा।
कितने बजे शुरू होगा फाइनल मुकाबला
भारत बनाम इंग्लैंड ICC मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार, 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा, जबकि मुकाबले का टॉस 12:30 बजे किया जाएगा।
कहां पर देखें फाइनल मुकाबला
भारत बनाम इंग्लैंड ICC मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल मैच का भारत में लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग शुक्रवार को JioHotstar के ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकेगी।
भारत और इंग्लैंड की पूरी टीम
भारत की पूरी टीम: आयुष म्हात्रे (C), एरॉन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (WK), RS अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पंगालिया, मोहम्मद एनान, उद्धव मोहन, किशन कुमार सिंह
इंग्लैंड की पूरी टीम: थॉमस रेव (C), बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूर्स, बेन मेयस, कैलेब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, आइजैक मोहम्मद, ल्यूक हैंड्स, विल बेनिसन, अली फारूक