IND vs NZ Final: टी-20 वर्ल्डकप फाइनल में भारत का सबसे बड़ा स्कोर, टीम इंडिया ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

IND vs NZ Final: पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के ओपनर संजू सैमसन 89, अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन की पारियां खेलीं। इन पारियों के दम पर टीम इंडिया ने 15 ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था।

अपडेटेड Mar 08, 2026 पर 9:09 PM
Story continues below Advertisement
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी कर इतिहास रच दिया है।

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी कर इतिहास रच दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड को 256 रन का टारगेट दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 19 चौके और 18 छक्के के सहारे 255 रन बनाए। यह टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल का सबसे बड़ा टोटल है। पिछला रिकॉर्ड 176 रन का था, जिसे भारत ने ही बनाया था। वहीं इस फाइनल में टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर भी बनाया है।

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा का धमाल

बता दें कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के ओपनर संजू सैमसन 89, अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन की पारियां खेलीं। इन पारियों के दम पर टीम इंडिया ने 15 ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। लेकिन, 16वें ओवर में जिमी नीशाम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव (जीरो), ईशान किशन (54 रन) और संजू सैमसन (89 रन) को पवेलियन भेजकर टीम भारत की रन स्पीड पर ब्रेक लगा दिया था। टीम आखिरी 5 ओवर में 52 रन ही बना सकी। इसमें 20वें ओवर से 24 रन आए।


भारत ने बनाया रिकॉर्ड

भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार शुरुआत की। टीम ने पहले छह ओवर यानी पावरप्ले में 92 रन बनाकर नया रिकॉर्ड बना दिया। यह T20 वर्ल्ड कप इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। रनों के मामले में भारत ने पिछले वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज द्वारा बनाए गए 92 रन के रिकॉर्ड की बराबरी की। वेस्टइंडीज ने यह स्कोर ब्रिजटाउन में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था, लेकिन उस मैच में उन्होंने एक विकेट खो दिया था, जबकि भारत ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए यह स्कोर बनाया।

भारत के दोनों ओपनर्स ने शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि शुरुआत के दो ओवरों में उन्होंने थोड़ा संभलकर खेला और बड़े शॉट लगाने से बचते हुए सिर्फ 12 गेंदों में 12 रन ही बनाए। इस दौरान न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हेनरी और ग्लेन फिलिप्स को कुछ राहत जरूर मिली। लेकिन तीसरे ओवर से मैच का रुख बदल गया। अभिषेक और सैमसन ने गेंदबाज जैकब डफी के ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 15 रन बटोर लिए, जिसके बाद भारत की रन गति तेजी से बढ़ने लगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।