टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। दोनों टीमें इससे पहले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भी आमने-सामने आ चुकी हैं, इसलिए यह मुकाबला काफी रोमांचक माना जा रहा है। दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले में भारत की कोशिश अपने टी20 वर्ल्ड कप खिताब को बरकरार रखने की होगी, जबकि न्यूजीलैंड की टीम पहली बार यह ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
न्यूज़ीलैंड की टीम पहले भी 2019 के वनडे वर्ल्ड कप और 2021 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी, लेकिन दोनों बार उसे हार मिली और वह रनर-अप रही। अब रविवार को टीम की कोशिश अपना पहला वर्ल्ड कप जीतने की होगी। जानें कैसा है भारत का अहमदाबाद स्टेडियम का रिकॉर्ड
कैसा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड
मिचेल सैंटनर की कप्तानी में न्यूजीलैंड की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक एक मैच खेला है, जिसमें उसे 14 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7 विकेट से हार मिली थी। वहीं भारतीय टीम ने इसी मैदान पर 18 फरवरी को ग्रुप-A के मुकाबले में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया था। हालांकि बाद में 22 फरवरी को सुपर-8 स्टेज में खेले गए मैच में भारत को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
2023 के फाइनल में मिली थी हार
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पिछले आईसीसी फाइनल में भारत को निराशा झेलनी पड़ी थी, जब वनडे वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में टीम को 6 विकेट से हार मिली थी। हालांकि इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। इसी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए एक टी20 मैच में भारतीय टीम ने 168 रन की बड़ी और यादगार जीत भी दर्ज की थी।
अहमदाबाद में भारत का प्रदर्शन
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। इस मैदान पर अब तक खेले गए 10 टी20 मैचों में भारतीय टीम ने 7 मुकाबले जीते हैं, जबकि उसे सिर्फ 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। यह आंकड़े दिखाते हैं कि इस स्टेडियम पर भारत का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है।