IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। 7 फरवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। ये मुकाबला अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। कोलकाता में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को मात देकर तो वहीं भारत ने मुंबई में खेले गए रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम फाइनल मुकाबले को जीतकर तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहेगी। वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार यह ट्रॉफी अपने नाम करने की कोशिश करेगी। आइए जानते हैं कब और कहां पर देखें फाइनल मुकाबला
कैसा था दोनों टीमों का सेमीफाइनल मुकाबला
न्यूज़ीलैंड ने कोलकाता में खेले गए पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस मैच में कीवी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और मैट हेनरी, कोल मैककॉन्ची और रचिन रवींद्र ने अहम विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका को 169/8 रन पर रोक दिया। इसके बाद बल्लेबाजी में फिन एलन ने तूफानी अंदाज में सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला नौ विकेट से आसानी से जीत लिया।
मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत में ओपनर संजू सैमसन की 89 रन की शानदार पारी और जसप्रीत बुमराह की कसी हुई गेंदबाजी का बड़ा योगदान रहा। बुमराह ने अपने चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिया और भारत ने यह मैच सात रन से जीत लिया।
कितने बजे शुरू होगा मुकाबला
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस मैच से आधा घंटा पहले यानी 6:30 बजे किया जाएगा।
कहां पर देखें फाइनल मुकाबला
भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, वे इसकी लाइव स्ट्रीमिंग Jio Hotstar ऐप और उसकी वेबसाइट पर देख सकते हैं।
भारत की पूरी टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह
न्यूजीलैंड की पूरी टीम: मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी, काइल जैमीसन, कोल मैककॉन्ची