IND vs NZ 2nd T20I: ईशान किशन टीम इंडिया से ड्रॉप होने के बाद गुमनाम होते दिख रहे थे। लेकिन मौके मिलते ही हाहाकार मचाकर ईशान किशन ने क्या कमाल का कमबैक किया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मैच में ईशान किशन नेअपनी बल्लेबाजी से सबको चौंका दिया। पिछले मैच में चोट के कारण बाहर रहने के बाद उन्होंने वापसी की और कीवी गेंदबाजों को धुनते हुए एक विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपने T20I करियर में पहली बार शतक ठोका।
तिरुवनंतपुरम में आया तूफान
शनिवार को तिरुवनंतपुरम में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मैच में उन्होंने अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया। घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद ईशान की टीम इंडिया में वापसी हुई थी और उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुनाया। ईशान किशन ने सिर्फ 42 गेंदों में 100 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 छक्के और 6 चौके लगाए। इससे पहले दूसरे टी20 मैच में ईशान शतक से चूक गए थे और 76 रन बनाकर आउट हो गए थे, लेकिन इस बार उन्होंने कोई मौका नहीं गंवाया।
वर्ल्ड कप में ईशान से डरेंगे गेंदबाज
ईशान को कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी पूरा साथ मिला। सूर्यकुमार ने भी शानदार अर्धशतक लगाया। जब अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जल्दी आउट हो गए थे, तब ईशान और सूर्यकुमार की जोड़ी ने मिलकर टीम को संभाला और भारत को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चल रही सीरीज़ में ईशान किशन भारत की मज़बूती की सबसे बड़ी वजह बनकर सामने आए हैं। उनका असर सिर्फ रन बनाने से नहीं, बल्कि इस बात से दिख रहा है कि टीम के जल्दी विकेट गिरने पर वे कैसे हालात संभालते हैं। पिछले रविवार गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 मैच में संजू सैमसन पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। इससे न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों को लगा कि उन्होंने मैच पर पकड़ बना ली है। लेकिन वे शायद ईशान किशन के खेल और सोच को समझ नहीं पाए थे।
रायपुर में भी खेली थी तगड़ी पारी
ईशान किशन अब 0 रन पर 1 विकेट या 6 रन पर 2 विकेट गिरने जैसी स्थिति को परेशानी नहीं मानते। उनके लिए यह हालात कुछ नया और खास करने का मौका होते हैं। तीसरे टी20 मैच में ईशान ने अगली 19 गेंदों में से 13 गेंदें खुद खेलीं। इससे अभिषेक शर्मा पर दबाव कम हुआ और उन्हें क्रीज़ पर जमने का समय मिला। इसका नतीजा यह रहा कि टीम ने सिर्फ 19 गेंदों में 50 रन पूरे कर लिए, जो एक रिकॉर्ड भी बना। यह वही कहानी थी, जो रायपुर में खेले गए दूसरे टी20 मैच में देखने को मिली थी। उस मैच में भारत 209 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहा था और टीम का स्कोर 6 रन पर 2 विकेट हो गया था। हालात काफी मुश्किल थे, लेकिन ईशान किशन ने पीछे हटने के बजाय आक्रामक खेल दिखाया।
किशन ने शुरू से ही तेज़ी से रन बनाने शुरू कर दिए। पावरप्ले खत्म होने तक वे 56 रन बना चुके थे। इस दौरान टीम के कुल रन में उनका योगदान करीब 75 प्रतिशत था। उन्होंने जो स्थिति खराब लग रही थी, उसे शानदार पावरप्ले प्रदर्शन में बदल दिया और स्कोर 75 रन तक पहुंचा दिया। आमतौर पर नंबर तीन पर खेलने वाले तिलक वर्मा पारी को संभालने का काम करते हैं, लेकिन ईशान किशन की सोच अलग है। वे शुरुआती विकेट गिरने के बाद भी हमला करना पसंद करते हैं और पारी को तेज़ रफ्तार देने का काम करते हैं।