IND vs PAK Highlights: कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए भारत-पाकिस्तान के बड़े मुकाबले में भारत ने शानदार जीत दर्ज की। भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर बड़ी जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। ये जीत टी20 टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के अंतर से पाकिस्तान पर भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सुपर-8 में क्वालीफाई कर लिया है। वहीं भारतीय टीम ग्रुप ए में टॉप पर बनी है। इस जीत में ईशान किशन की 40 गेंदों पर 77 रन की अहम पारी रही। हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट चटकाए हैं।
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए और 176 रन का टारगेट दिया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। भारत ने ये मैच 61 रन से अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 19 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेलेगी।
टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले दो ओवर में ही टीम के तीन विकेट गिर गए। हार्दिक पांड्या ने पहले ओवर में साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले आउट किया। इसके बाद दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब (6 रन) और सलमान आगा (4 रन) को पवेलियन भेज दिया। 14 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद टीम दबाव में आ गई। 5वें ओवर में अक्षर पटेल ने बाबर आजम को 5 रन पर आउट कर पाकिस्तान को चौथा झटका दिया।
11वें ओवर में अक्षर पटेल ने उस्मान खान को 44 रन पर आउट कर पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। उस्मान और शादाब खान के बीच 39 रन की साझेदारी ही टीम की एकमात्र बड़ी साझेदारी रही। 12वें ओवर में कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज (4 रन) को पवेलियन भेजा और स्कोर 78/6 हो गया। 13वें ओवर में तिलक वर्मा ने शादाब खान (14 रन) को आउट कर सातवां विकेट गिराया। 16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने फहीम अशरफ (10 रन) और अबरार अहमद को आउट कर पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म कर दीं। आखिर में 18वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने उस्मान तारिक का विकेट लेकर पूरी टीम को 114 रन पर समेट दिया। भारत ने यह मैच 61 रन से जीत लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम को पहले ओवर में बड़ा झटका लगा। 1 रन के स्कोर पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी संभाली और तेज रन बनाए। ईशान ने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। दोनों के बीच 46 गेंदों में 87 रन की शानदार साझेदारी हुई, जिसमें ईशान ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए ज्यादा रन और बड़े शॉट लगाए। हालांकि 9वें ओवर में 88 के स्कोर पर सैम अयूब ने ईशान को 40 गेंदों में 77 रन पर आउट हो गए। ईशान के आउट होने के बाद से भारतीय टीम की पारी थोड़ी स्लो हो गई।
15वें ओवर में भारत को लगातार दो झटके लगे, जब सैम अयूब ने पहले तिलक वर्मा (25 रन) और फिर हार्दिक पांड्या को बिना खाता खोले आउट किया। इससे पहले सूर्यकुमार यादव और तिलक के बीच 34 गेंदों में 38 रन की साझेदारी हुई थी। 19वें ओवर में 159 रन पर भारत का पांचवां विकेट गिरा, जब उस्मान तारिक ने सूर्यकुमार यादव (32 रन) को पवेलियन भेजा। सूर्या और शिवम दूबे ने 26 गेंदों में 33 रन जोड़े। 19 ओवर के बाद स्कोर 159/5 था। आखिरी ओवर में शिवम दूबे 27 रन बनाकर रन आउट हुए और अक्षर पटेल भी बिना खाता खोले आउट हो गए। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए और पाकिस्तान को 176 रन का लक्ष्य दिया।
वहीं पाकिस्तान के सैम अयूब 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को 1-1 विकेट मिला है। हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह को 2-2 विकेट मिला है। वहीं कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 विकेट मिला है।