अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स ग्रुप-2 मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया। इस अहम मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 58 रन से हराकर अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई। टीम इंडिया की पूरी टीम 49.5 ओवर में 252 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान को 253 रन का टारगेट मिला। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को पाकिस्तान को 253 रन का लक्ष्य 33.3 ओवर में पूरा करने से रोकना था। हालांकि पाकिस्तानी टीम इस चुनौती को पूरा नहीं कर सकी और 46.2 ओवर में 194 रन पर ऑलआउट हो गई। बेहतर रन रेट के चलते भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह लक्ष्य हासिल कर लिया और आखिरी चार में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में अफगानिस्तान अंडर-19 से भिड़ेगा
कब होगा सेमीफाइनल मुकाबला
पाकिस्तान अंडर-19 के खिलाफ बड़ी जीत के साथ भारत अंडर-19 टीम सुपर सिक्स ग्रुप-2 की अंक तालिका में पहले स्थान पर रही। अब भारतीय टीम बुधवार, 4 फरवरी को सेमीफाइनल में अफगानिस्तान अंडर-19 से खेलेगी, जो ग्रुप-1 में दूसरे नंबर पर रही थी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मंगलवार, 3 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 और इंग्लैंड अंडर-19 की टीमें आमने-सामने होंगी।
इससे पहले भारत की बल्लेबाजी में आखिर के ओवरों में ऑलराउंडर कनिष्क चौहान और खिलान पटेल की तेज साझेदारी सबसे अहम रही। दोनों ने सिर्फ 5.1 ओवर में 50 रन जोड़कर टीम का स्कोर 252 रन के पार पहुंचाया। कनिष्क चौहान ने 29 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि खिलान पटेल ने 15 गेंदों पर नाबाद 21 रन की तेज पारी खेली। इससे पहले वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों पर 68 रन की संभलकर खेली गई पारी खेली थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान अंडर-19 टीम 194 रन पर सिमट गई।