IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर असमंजस अभी बना हुआ है। वहीं खबर है कि भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे मैच को लेकर जल्द ही बड़ा फैसला लिया जा सकता है। हाल ही में लाहौर में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC), पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अधिकारियों के बीच एक बैठक हुई। इस बैठक में मैच से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बता दें पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है, जिससे पूरे टूर्नामेंट पर असर पड़ सकता है।
जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इस मामले में पाकिस्तान सरकार से सलाह करने वाला है और अगले 24 घंटे में आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। ये खबर 8 फरवरी को सामने आई थी, इसलिए उम्मीद है कि मैच को लेकर चल रही सभी अनिश्चितताएं सोमवार 9 फरवरी तक साफ हो जाएंगी।
इमरान ख्वाजा, मोहसिन नकवी और अमीनुल इस्लाम की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को लाहौर में बैठक की। इस मीटिंग में 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 मैच के बहिष्कार के पाकिस्तान के फैसले पर चर्चा हुई। बैठक की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ट (PCB) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। पाकिस्तान सरकार ने 1 फरवरी को घोषणा की थी कि “मेन इन ग्रीन” 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। बाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि ये फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया है।
भारत-श्रीलंका कर रहे होस्ट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट को भारत और श्रीलंका मिलकर होस्ट कर रहे हैं। वहीं बांग्लादेश सुरक्षा कारणों की वजह से अपने मैच श्रीलंका में करवाने की मांग की गई थी। वहीं आईसीसी ने बांग्लादेश की यह मांग ठुकरा दी थी कि उसके सभी मैच भारत के बाहर कराए जाएं। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।