India vs South Africa: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा वनडे आज! किंग कोहली और रोहित शर्मा बना सकते हैं ये बड़े कीर्तिमान

India vs South Africa 3rd ODI: तीन वनडे की सीरीज में फिलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है। आज होने वाले निर्णायक मुकाबले में सबकी नजरें टिकी हुई है। भारत के लिए अच्छी बात ये है कि, विराट कोहली जबरदस्त फॉर्म में हैं

अपडेटेड Dec 06, 2025 पर 12:03 PM
विराट कोहली के बल्ले से अगर आज फिर एक शतक निकलता है, तो वह क्रिकेट इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिखवा लेंगे

India vs South Africa 3rd ODI: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज विशाखापत्तनम के VDCA क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका की टीम भारत दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने पहले टेस्ट सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ किया और अब वनडे सीरीज भी 1-1 की बराबरी पर है। इस कड़े मुकाबले के बीच, भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी पॉजिटिव बात है विराट कोहली की जबरदस्त फॉर्म। अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेलने वाले इस दिग्गज खिलाड़ी ने पिछले दो मैचों में लगातार दो शतक जड़ दिए है। और अब अंतिम मैच में उनकी नजर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने पर होगी।

दो बड़े कीर्तिमान अपने नाम कर सकते है किंग कोहली

विराट कोहली के बल्ले से अगर आज फिर एक शतक निकलता है, तो वह क्रिकेट इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिखवा लेंगे। अगर कोहली इस निर्णायक मुकाबले में भी सेंचुरी लगाते हैं, तो वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे जो दो बार लगातार तीन वनडे शतक लगाने का कारनामा करेंगे। रोहित शर्मा और कोहली दोनों ने ही यह उपलब्धि पहले हासिल की है, लेकिन दोनों में से कोई भी इसे दोहरा नहीं पाया है। यदि कोहली आज यह कारनामा करते हैं, तो यह उनके करियर का एक बड़ा मील का पत्थर होगा।


इसके साथ ही कोहली के पास दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार चार वनडे शतक बनाने वाले पहले क्रिकेटर बनने का भी मौका है। रांची और रायपुर में शतक लगाने से पहले, उन्होंने 2023 क्रिकेट विश्व कप में दोनों देशों के बीच हुई पिछली भिड़ंत में भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक बनाया था। अगर आज सेंचुरी आई, तो यह प्रोटीज टीम के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सेंचुरी होगी।

रोहित-कोहली की जोड़ी का पार्टनरशिप रिकॉर्ड

विराट कोहली की नजर न केवल अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स पर है, बल्कि वह टीम के साथी कप्तान रोहित शर्मा के साथ मिलकर भी एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। कोहली और रोहित ने अब तक 20 बार वनडे में शतकीय साझेदारी की है। वे इस समय श्रीलंकाई दिग्गजों तिलकरत्ने दिलशान और कुमार संगकारा के साथ दूसरे स्थान पर बराबरी पर हैं। अगर आज इन दोनों के बीच 100 रन की साझेदारी होती है, तो वे संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर काबिज़ इस श्रीलंकाई जोड़ी को पीछे छोड़कर अकेले दूसरे स्थान पर आ जाएंगे। हालांकि, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की जोड़ी 26 शतकीय साझेदारियों के साथ शीर्ष पर बरकरार है।

रोहित शर्मा भी रच सकते हैं इतिहास

जहां विराट कोहली रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार हैं, वहीं कप्तान रोहित शर्मा भी एक व्यक्तिगत उपलब्धि के काफी करीब हैं। रोहित को वनडे में शीर्ष रन स्कोरर की सूची में जैक्स कैलिस को पीछे छोड़कर नौवें स्थान पर आने के लिए सिर्फ 120 रन की जरूरत है।

यानी की आज विशाखापत्तनम में होने वाला यह मुकाबला न केवल सीरीज का विजेता तय करेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि क्रिकेट के इन महान खिलाड़ियों के नाम आज कितने नए रिकॉर्ड दर्ज होते हैं।

यह भी पढ़ें- IND vs SA Live Streaming: भारत और साउथ अफ्रीका के लिए करो या मरो का मुकाबला, जानें फ्री में कहां पर देखें लाइव एक्शन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।