IND vs SA Highlights: टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से करारी शिकस्त दी है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए। भारत को 188 रन का टारगेट मिला। टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। इस वर्ल्ड कप में भारत की ये पहली हार है। गेंदबाजी में मार्को यानसन ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।
मुकाबले में भारत की ओर से शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 63 रन की तेज पारी खेली, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन जोड़े। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ओवर में एडेन मार्करम ने ईशान किशन को शून्य पर आउट किया, जबकि दूसरे ओवर में मार्को जेनसन ने तिलक वर्मा (1) को पवेलियन भेज दिया और स्कोर 5/2 हो गया। पांचवें ओवर में जानसेन ने अभिषेक शर्मा (15) को आउट कर तीसरा झटका दिया। इसके बाद आठवें ओवर में कॉर्बिन बॉश ने वॉशिंगटन सुंदर (11) को चलता किया। 10वें ओवर में बॉश ने सूर्यकुमार यादव (18) को आउट कर भारत को पांचवां झटका दिया। भारत की ओर से कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी और 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 57/5 रहा।
शुरुआती झटकों के बाद हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने पारी संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच 30 गेंदों में 35 रन की साझेदारी हुई। लेकिन 15वें ओवर में केशव महाराज ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट झटके, हार्दिक पांड्या 17 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए, रिंकू सिंह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे और अर्शदीप सिंह 1 रन पर आउट हुए। खास बात यह रही कि तीनों कैच ट्रिस्टन स्टब्स ने पकड़े। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 8 विकेट पर 88 रन हो गया।
शिवम दुबे ने आखिर तक कोशिश की और 37 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। 19वें ओवर में मार्को जेनसन ने पहले दुबे को आउट किया और फिर जसप्रीत बुमराह को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही भारत की पूरी टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।
साउथ अफ्रीका की खराब शुरूआत
मुकाबले में साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में 10 रन पर जसप्रीत बुमराह ने क्विंटन डी कॉक (6) को बोल्ड किया, जबकि तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने एडेन मार्करम (4) को हार्दिक के हाथों कैच आउट करवा दिया। चौथे ओवर में बुमराह ने रयान रिकेल्टन (7) को पवेलियन भेजा। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने पारी संभाली और चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों में 97 रन जोड़े। 13वें ओवर में शिवम दुबे ने ब्रेविस (45) को आउट कर साझेदारी तोड़ी, वहीं इसी ओवर में मिलर ने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
डेविड मिलर की तूफानी पारी
पारी के 16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने डेविड मिलर को 35 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट किया और साउथ अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच 20 गेंदों में 35 रन की साझेदारी हुई थी। 18वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने मार्को जेनसन (2) को पवेलियन भेजा, जिससे स्कोर 160/6 हो गया। 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने कॉर्बिन बॉश (5) को आउट कर सातवां विकेट लिया। आखिरी ओवर में हार्दिक पांड्या ने 20 रन दिए, जबकि स्टब्स ने 24 गेंदों में नाबाद 44 रन की तेज पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए और भारत के सामने 188 रन का लक्ष्य रखा।
गेंदबाजी की बात करें तो भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को 2 सफलता मिली। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट हासिल किया। वहीं साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मार्को जेनसन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, केशव महाराज ने 3 विकेट लिए, कॉर्बिन बॉश को 2 विकेट मिले और एडेन मार्करम ने 1 विकेट अपने नाम किया।