India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच करो या मरो का मुकाबला, जानें कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11

IND vs WI: डिफेंडिंग चैंपियन भारत का सामना 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज से होने वाला है। सुपर-8 का यह अहम मुकाबला क्वार्टर फाइनल जैसा माना जा रहा है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। आइए जानते हैं कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट

अपडेटेड Mar 01, 2026 पर 2:55 PM
टीम इंडिया इस मैच में कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगी

IND vs WI: डिफेंडिंग चैंपियन भारत की टीम रविवार (1 मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी। सुपर-8 के ग्रुप-1 का यह मैच काफी अहम माना जा रहा है और इसे क्वार्टर फाइनल जैसा मुकाबला समझा जा रहा है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना लेगी। वेस्टइंडीज की टीम टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी और ताकतवर खेल के लिए जानी जाती है, ऐसे में भारत को बेहद संभलकर खेलना होगा, क्योंकि छोटी सी गलती भी टीम इंडिया के खिताब बचाने के सपने पर असर डाल सकती है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत को इस मुकाबले में दो बार की टी20 वर्ल्ड कप विजेता वेस्टइंडीज से कड़ी चुनौती मिल सकती है। जानें कैसी होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11

क्या भारत के प्लेइंग 11 में होगा बदलाव

वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले इस अहम मुकाबले में क्या टीम इंडिया अपनी जीत वाली प्लेइंग इलेवन में बदलाव करेगी या नहीं। टीम इंडिया इस मैच में कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगी। इससे पहले सुपर-8 चरण में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भारत ने संजू सैमसन और अक्षर पटेल को फिर से प्लेइंग इलेवन में मौका दिया था। संजू सैमसन ने ओपनिंग करते हुए शानदार बल्लेबाज़ी की, जबकि अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या ने तेज अर्धशतक लगाकर टीम का स्कोर 256 रन तक पहुंचाया। मजबूत बल्लेबाज़ी और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत ने यह मुकाबला 72 रन से अपने नाम किया।


वहीं रिंकू सिंह अपने पिता के अंतिम संस्कार के कुछ ही घंटों बाद कोलकाता पहुंचकर टीम से जुड़ गए हैं। भले ही इस टूर्नामेंट में रिंकू का बल्ला अभी तक ज्यादा नहीं चला हो, लेकिन ईडन गार्डन्स मैदान पर उनका अनुभव टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

साल 2016 में वेस्टइंडीज ने भारत को हराया था

टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज पहले भी भारत के लिए मुश्किल साबित हो चुका है। साल 2016 के टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज ने अहम मैच में भारत को हराकर बाहर कर दिया था। उसी टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर शानदार खेल दिखाते हुए खिताब भी जीता था। इसलिए इस मैदान से वेस्टइंडीज की अच्छी और मजबूत यादें जुड़ी हुई हैं।

दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन मैचों में भारत का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, क्योंकि टीम ने 19 बार जीत हासिल की है, जबकि वेस्टइंडीज को 10 मैचों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला ऐसा भी रहा, जिसका कोई नतीजा नहीं निकल सका।

कितने बजे शुरू होगा मुकाबला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहम मुकाबला 1 मार्च को खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर आयोजित होगा, जहां दोनों टीमें जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

कहां पर देखे मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनलों पर लाइव देखा जा सकेगा। वहीं, जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, वे इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर आसानी से देख सकते हैं।

भारत और वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग 11

वेस्टइंडीज की संभावित 11: शाई होप, ब्रैंडन किंग, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रोस्टन चेस, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ।

भारत की संभावित 11: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।