India vs Zimbabwe Playing 11: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 दौर में भारत के लिए स्थिति अब चुनौतीपूर्ण हो गई है। साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार और टॉप ऑर्डर के खराब प्रदर्शन के बाद टीम काफी दबाव में है। इस हार से भारत का नेट रन रेट -3.80 तक गिर गया है, जिसकी वजह से सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अपने बचे हुए दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतना जरूरी हो गया है। सेमीफाइनल में अपनी राह मजबूत करने के लिए आज 26 फरवरी को भारतीय टीम जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। दोनों टीमें सुपर-8 स्टेज में अपनी पहली जीत हासिल करने के इरादे से आमने-सामने उतरेंगी।
ये मुकाबला चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। दोनों के लिए ये मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। आइए जानते हैं कब और कहां पर देखें भारत और जिम्बाब्वे के बीच का मुकाबला और कैसी होगी दोनों की प्लेइंग 11
भारतीय टीम के लिए ओपनर का न चलना सबसे बड़ी समस्या है। टूर्नामेंट से पहले ईशान किशन और अभिषेक शर्मा अच्छी फॉर्म में थे। अभिषेक शर्मा पेट की परेशानी के बाद अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं, जिसका असर टीम की बल्लेबाजी पर दिख रहा है। भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत और नंबर तीन की बल्लेबाजी समस्या को जल्द सुधारना होगा।
इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर परेशानी बनी हुई है। ओपनर अभिषेक शर्मा अच्छी शुरुआत देने में संघर्ष कर रहे हैं। लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रन जरूर बनाए, लेकिन सिर्फ 15 रन ही बना सके। वहीं तिलक वर्मा भी अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और पांच मैचों में करीब 21 की औसत से केवल 107 रन ही बना पाए हैं, जिससे टीम प्रबंधन को बल्लेबाजी क्रम पर दोबारा सोचने की जरूरत पड़ रही है।
तिलक वर्मा हो सकते हैं बाहर
टीम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारत अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकता है। संजू सैमसन को ओपनिंग में मौका देकर ईशान किशन को नंबर तीन पर भेजा जा सकता है, जिससे बल्लेबाजी में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बन जाएगा। अगर ऐसा होता है तो तिलक वर्मा को बाहर बैठना पड़ सकता है। वहीं चेपॉक की स्पिन मददगार पिच को ध्यान में रखते हुए कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा अक्षर पटेल की वापसी भी संभव है और वह वाशिंगटन सुंदर की जगह खेल सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले सुपर-8 मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा। वहीं जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, वे इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर आसानी से देख सकते हैं।
दोनों टीमों का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक टी20 इंटरनेशनल में कुल 13 मुकाबले खेले गए हैं। इन मैचों में भारतीय टीम 10 बार जीत दर्ज की है, जबकि जिम्बाब्वे को सिर्फ 3 मैचों में सफलता मिली है। आंकड़ों के अनुसार दोनों टीमों की भिड़ंत में भारत का पलड़ा भारी रहा है।
भारत की संभावित प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेट कीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती