भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के वाइस-प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को पाकिस्तान पर बांग्लादेश को गुमराह करने और भड़काने का आरोप लगाया। यह बयान तब आया जब बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने मैच भारत में खेलने से इनकार कर दिया। बांग्लादेश चाहता था कि उसके मैच कोलंबो में कराए जाएं, लेकिन ICC ने शेड्यूल से जुड़ी दिक्कतों का हवाला देकर इस मांग को ठुकरा दिया।
राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान की खोली पोल
इसके बाद बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि बांग्लादेश सरकार ने, BCCI की ओर से सुरक्षा का भरोसा मिलने के बावजूद, अपनी टीम को भारत भेजने से मना कर दिया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का कहना है कि उसने बांग्लादेश टीम को पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया था। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि बोर्ड चाहता था कि बांग्लादेश भारत में अपने मैच खेले।
बांग्लादेश हो चुका है बाहर
राजीव शुक्ला ने कहा कि बांग्लादेश को साफ तौर पर बताया गया था कि उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी और किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इसके बावजूद बांग्लादेश ने यह कहकर भारत में खेलने से मना कर दिया कि वे अपनी टीम यहां नहीं भेज सकते। इससे पहले बांग्लादेश ने दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव और खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग से रिलीज किए जाने के बाद, ICC से अपने मैचों का वेन्यू भारत से बदलकर श्रीलंका करने की मांग की थी।
ICC ने बांग्लादेश के अनुरोध को यह कहकर खारिज कर दिया कि यह बहुत देर से किया गया था। टूर्नामेंट शुरू होने में कम समय बचा था, ऐसे में पूरा शेड्यूल बदलना लॉजिस्टिक्स के लिहाज से काफी मुश्किल था। इसके बावजूद बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा, जिसके बाद उसकी जगह टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया। BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि बांग्लादेश सरकार ने साफ कहा था कि वह टीम को भारत नहीं भेजेगी और सिर्फ कोलंबो में ही खेलने को तैयार है। उन्होंने कहा कि आखिरी समय में पूरे टूर्नामेंट का शेड्यूल बदलना बहुत कठिन और चुनौती भरा काम होता है, इसी वजह से यह फैसला लिया गया।
राजीव शुक्ला ने इस पूरे मामले में पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश के फैसले को प्रभावित करने में पाकिस्तान ने बड़ी भूमिका निभाई है और अपने फायदे के लिए इस मुद्दे को भड़काया है। राजीव शुक्ला ने कहा कि पाकिस्तान बेवजह इस मामले में दखल दे रहा है, बांग्लादेश को गलत दिशा में ले जा रहा है और उन्हें उकसा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान को ऐसा नहीं करना चाहिए और इस तरह की हरकतों से दूर रहना चाहिए।