Vaibhav Sooryavanshi : अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में पहचान बनाने वाले युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी अब एक खास रिसर्च का हिस्सा बनने जा रहे हैं। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच रिकॉर्ड अवॉर्ड जीतने वाले 15 वर्षीय वैभव पर भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) इंदौर स्टडी करेगा। IIM इंदौर यह समझने की कोशिश करेगा कि कम उम्र में मिलने वाली लोकप्रियता, सफलता और उससे जुड़ा दबाव युवा प्रतिभाओं के भविष्य को किस तरह प्रभावित करता है।
संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस अध्ययन का मुख्य केंद्र राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी होंगे। रिसर्च में यह देखा जाएगा कि कम उम्र में मिली बड़ी पहचान और अपेक्षाओं का असर खिलाड़ियों के करियर, मानसिक स्थिति और उनके व्यक्तिगत विकास पर किस प्रकार पड़ता है।
वैभव के नाम रहा 2026 का आईपीएल
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन शानदार रहा। वह पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जो बेहद प्रभावशाली माना जाता है। अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर वैभव को आईपीएल 2026 का 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' चुना गया। इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए, जिसके चलते उन्हें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में 'ऑरेंज कैप' भी मिली।
आईआईएम इंदौर के निदेशक हिमांशु राय ने बताया कि यह अध्ययन केवल युवा क्रिकेटरों के मैदान पर किए गए प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा। इसका उद्देश्य उन कारणों को समझना भी है, जो कम उम्र में असाधारण सफलता हासिल करने वाली प्रतिभाओं के विकास और उनके भविष्य को प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस शोध के जरिए यह जानने की कोशिश की जाएगी कि युवा खिलाड़ियों को सफलता तक पहुंचाने वाले कौन-कौन से महत्वपूर्ण कारक होते हैं और कम उम्र में मिलने वाली लोकप्रियता उनके जीवन और करियर पर किस तरह असर डालती है।
आईआईएम इंदौर के निदेशक हिमांशु राय ने कहा कि संस्थान यह जानना चाहता है कि आखिर कौन से कारण बाल-प्रतिभाओं को असाधारण प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि किसी युवा खिलाड़ी की सफलता में उसके व्यक्तित्व, व्यवहार, अभ्यास करने के तरीके और परिवार का बड़ा योगदान होता है। इसके अलावा माता-पिता, शिक्षक, कोच और वरिष्ठ खिलाड़ियों का सहयोग भी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में कई ऐसे उदाहरण हैं, जहां बच्चों ने बहुत कम उम्र में बड़ी सफलता हासिल की। लेकिन बाद में उन्हें पैसा, लोकप्रियता, सोशल मीडिया और लोगों की बढ़ती उम्मीदों के दबाव का सामना करना पड़ता है।
हिमांशु राय ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी को इस अध्ययन के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि भारत में क्रिकेट सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में, खासकर युवा खिलाड़ियों पर, दूसरे खेलों की तुलना में कहीं अधिक सार्वजनिक दबाव और अपेक्षाएं होती हैं।
युवा खिलाड़ी का सबने माना लोहा
बिहार के रहने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे। वैभव ने आईपीएल 2026 में 72 छक्के जड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।