IND vs SL: भारतीय विमेंस टीम ने एशियन गेम्स में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। एशियन गेम्स 2026 में भारत का ये पहला गोल्ड मेडल है। भारत ने श्रीलंका को 147 रन से मात दी है। भारत का लगातार ये दूसरा गोल्ड मेडल है। एशियन गेम्स के गोल्ड मैच में भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए। भारतीय विमेंस टीम ने श्रीलंका को 217 रन का टारगेट दिया है। जवाब में श्रीलंका ने 15.4 ओवर में 69 रन पर ही सिमट गई। श्रीलंका को इस मुकाबले में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रन से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। आपको बता दें भारत ने इसी महीने श्रीलंका को एशिया कप के फाइनल में हराया था।
भारतीय गेंदबाज का प्रदर्शन
भारत से मिले 217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 69 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका ने 15.4 ओवर में ही अपने सभी विकेट गंवा दिए। दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट, जबकि शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लेकर श्रीलंका की पारी समेट दी। कप्तान चामरी अटापट्टू ने 29 रन बनाए, वहीं कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिलहारी ने 11 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पावरप्ले में दो विकेट गंवाने के बाद उसकी रन गति भी धीमी रही। शेफाली वर्मा ने इमेशा दुलानी और हसिनी परेरा को आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई। इसके बाद भारतीय स्पिनरों ने लगातार विकेट निकालकर श्रीलंका की पारी को पूरी तरह बिखेर दिया। दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने अहम विकेट झटके, जिससे श्रीलंका ने 49 रन तक पहुंचते-पहुंचते पांच विकेट गंवा दिए। आगे भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को बड़े लक्ष्य तक पहुंचने का कोई मौका नहीं दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और दोनों ने मिलकर 99 रन की साझेदारी की। भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 79 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ऋचा घोष ने नाबाद 49 और शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाए। अंत में ऋचा घोष ने तेजी से रन जुटाए और भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।